Rajasthan : महंगाई राहत शिविर: राहत का राज, 10 योजनाओं से 3 करोड़ वोटर्स पर टारगेट
<p><em><strong>गहलोत सरकार की ओर से लगाए जा रहे महंगाई राहत शिविरों में पहले दिन 13.5 लाख से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। </strong></em></p>
प्रदेश में 10 योजनाओं के दम पर गहलोत सरकार ने मास्टर स्ट्रोक खेलते हुए सीधे-सीधे 3 करोड़ वोटर्स तक पहुंचने का प्रबंध कर लिया है। राज्य सरकार की इन 10 लोकप्रिय योजनाओं के बारे में जानकारी देने और पात्र लोगों का लाभार्थी के रूप में रजिस्ट्रेशन करने के लिए गहलोत सरकार ने सोमवार से महंगाई राहत शिविरों का आगाज किया। जयपुर के सांगानेर की महापुरा पंचायत में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम अशोक गहलोत ने इन शिविरों का उद्घाटन किया। प्रदेश में पहले दिन के शिविरों में इन योजनाओं के तहत कुल 13.51 लाख रजिस्ट्रेशन हुए।
इनमें कुल 3.02 लाख परिवार रजिस्टर हुए। चुनाव से 8 महीने पहले गहलोत सरकार का यह बड़ा पैंतरा है, जिसके जरिए अलग-अलग योजनाओं में 75 लाख से दो करोड़ परिवारों को जोड़ा जाएगा। यानी इन शिविरों के जरिए कांग्रेस सरकार प्रदेश के 5 करोड़ लोगों और इनमें करीब 3 करोड़ वोटर्स तक पहंुच बनाएगी। संभवतः इसीलिए हर योजना के लाभ के लिए इन शिविरों में रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य रखा गया है। अभी 1799 जगह शुरू हुए इन शिविरों की संख्या अगले दिनों में 2700 तक हो जाएगी।
...ताकि याद रहे कांग्रेस सरकार
शिविरों में आने वाले लाभार्थियों को हर योजना में रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट दिया जाएगा। ताकि जब भी सर्टिफिकेट हाथ में लें, लोगों को याद रहे कि योजना किस सरकार की है। सोमवार को जयपुर में खुद सीएम ने एक महिला को रजिस्ट्रेशन के बाद फ्री बिजली, पेंशन, अन्नपूर्णा फूड पैकेट और मनरेगा आदि के कार्ड दिए।
इसलिए कांग्रेस की पूरी टीम उतरी
गहलोत ने बजट में जो भी घोषणाएं की हैं, उन्हें जनता को लगातार याद दिलाए रखने और उनके प्रभाव को वोटों में बदलने की रणनीति के तहत ही ये कैंप लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस ने इन कैंपों में कार्यकर्ताओं को ड्यूटी पर लगाया है। प्रदेश संगठन ने तो इनके लिए जिलेवार 33 संयोजक भी नियुक्त कर दिए हैं। ताकि लोगों तक पहुंचा जा सके।
What's Your Reaction?