गाजा में युद्ध विराम के लिए तैयार हुआ इजरायल! मध्यस्थ कतर को बताया किस शर्त पर रुकेगी लड़ाई

<p><em>इजरायल ने विश्व समुदाय के दबाव को नकारते हुए लगातार ये कहा है कि हमास को खत्म करने से पहले वह जंग नहीं रोकेगा। इजरायल की सेना के अफसर ओर पीएम लगातार ये बात दोहराते रहे हैं। हालांकि अब इजरायल ने रुख में नरमी लाते हुए सीजफायर की ओर बढ़ने का फैसला लिया है। इजरायल बंधकों की रिहाई के बदले युद्ध विराम पर राजी है।</em></p>

गाजा में युद्ध विराम के लिए तैयार हुआ इजरायल! मध्यस्थ कतर को बताया किस शर्त पर रुकेगी लड़ाई
22-12-2023 - 09:17 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

इजरायल गाजा पट्टी में युद्ध विराम के लिए तैयार हो गया है। इसकी जानकारी उसने कतर को दे दी है, जो उसके और हमास के बीच मध्यस्थ की भूमिका में हैं। इजरायल ने कतर से कहा है कि वह हमास द्वारा बंधक बनाए गए 40 लोगों की रिहाई के बदले गाजा में कम से कम एक सप्ताह के संघर्ष विराम के लिए तैयार है। इजरायल की ओर से कतर को ये प्रस्ताव ऐसे समय भेजा गया है, जब दुनियाभर के देशों के साथ-साथ इजरायल के भीतर भी युद्ध विराम और बंधकों की वापसी के लिए प्रदर्शन हो रहे हैं।
यरूशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, वरिष्ठ इजरायली अधिकारियों और एक विदेशी सूत्र ने कहा कि इजरायल ने बंधकों की रिहाई के लिए एक नए समझौते के लिए कतर के माध्यम से हमास को एक प्रस्ताव भेजा है। जिस पर जल्दी ही हमास की ओर से जवाब आ सकता है। वहीं एक बैठक में कतर के प्रधान मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान ने कहा है कि फिर से बातचीत के लिए हमास की शर्त युद्ध की समाप्ति है। हमास अस्थायी विराम की बजाय पूरी तरह से लड़ाई को रोकने की बात कह रहा है।
कतर के जरिए हो रही संघर्ष विराम की कोशिश
इजरायल और हमास के बीच जारी जंग को रोकने के लिए कतर की सरकार लगातार प्रयास कर रही है। कतर के प्रयासों से ही नवंबर के आखिरी हफ्ते में दोनों पक्ष सात दिन तक जंग रोकने के लिए राजी हुए थे। हाल के दिनों में एक बार फिर कतर के राजनेता दोनों पक्षों के साथ संपर्क साध रहे हैं। जिसके बाद ये सामने आया है कि इजरायल लड़ाई में विराम के लिए तैयार हो रहा है।
18 हजार से ज्यादा लोग मारे गए 
बता दें कि इजरायल और हमास के बीच 7 अक्टूबर से ही गाजा पट्टी में जंग छिड़ी हुई है। हमास ने 7 अक्टूबर को दक्षिण इजरायल में हमला कर 1200 लोगों को मार डाला था और करीब 240 लोगों को बंधक बना लिया था। इस घटना के तुरंत बाद ही इजरायल ने गाजा में हमले शुरू कर दिए थे। इजरायल के हमलों में गाजा में 18 हजार से ज्यादा लोग मारे गए हैं। वहीं 50,000 से ज्यादा घायल हुए हैं और लाखों लोगों को आश्रय स्थलों में रहना पड़ रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।