जयपुर नगर निगमः बाड़ाबंदी में पार्षद, महापौर उपचुनाव 10 नवंबर को

<p><em><strong>भाजपा ने विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया को चुनाव प्रभारी बनाया है। कांग्रेस में चुनाव की कमान नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने संभाली।</strong></em></p>

जयपुर नगर निगमः बाड़ाबंदी में पार्षद, महापौर उपचुनाव 10 नवंबर को
04-11-2022 - 07:03 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

जयपुर नगर निगम (ग्रेटर) में महापौर पद के उप चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। सेंधमारी से बचने को भाजपा ने अपने 60 से ज्यादा पार्षदों को एक होटल में रखा है। हालांकि आधा दर्जन पार्षद अब भी होटल में नहीं पहुंचे हैं। इनमें से दो ने खुद को बीमार और चार ने जयपुर से बाहर होने की बात पार्टी नेतृत्व को बताई है। भाजपा ने विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया को चुनाव प्रभारी बनाया है।
प्रशिक्षण शिविर के नाम पर बाड़ाबंदी
कटारिया ने गुरुवार, 3 नवंबर दिन में पार्टी मुख्यालय में पार्षदों की बैठक बुलाई। बैठक के बाद पार्षदों को दो बसों से होटल भेजा गया। भाजपा ने पार्षदों को होटल में रखे जाने को प्रशिक्षण शिविर का नाम दिया है। उधर, कांग्रेस में चुनाव की कमान नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने संभाल रखी है। खाचरियावास ने विधायकों एवं शहर के वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्षदों की बैठक बुलाई और एकजुट रहने का मंत्र दिया।
धाबाई या सुखप्रीत हो सकतीं उम्मीदवार
महापौर पद के लिए भाजपा की तरफ से शील धाभाई के साथ ही सुखप्रीत बंसल का नाम चर्चा में है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। जयपुर के अतिरिक्त जिला कलक्टर शंकर लाल सैनी को निर्वाचन अधिकारी और उपखंड अधिकारी विष्णु गोयल को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। पहले दिन एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ है।
क्यों हो रहा उपचुनाव
उल्लेखनीय है कि पिछले साल निगम के तत्कालीन मुख्य कार्यकारी अधिकारी यज्ञमित्र सिंह देव के साथ तत्कालीन महापौर सौम्या गुर्जर के कक्ष में मारपीट की गई थी। देव ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाकर गुर्जर एवं तीन पार्षदों पर मारपीट का आरोप लगाया था। उन्होंने स्थानीय निकाय विभाग में भी इसकी शिकायत की थी। सरकार ने इस शिकायत की जांच के बाद गुर्जर को बर्खास्त कर दिया था। उनकी बर्खास्तगी के बाद अब उप चुनाव हो रहा है। मतदान 10 नवंबर को होगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।