जस्टिस यूयू ललित होंगे देश के 49वें मुख्य न्यायाधीश
NULL
देश के सर्वोच्च न्यायालय में जस्टिस उदय उमेश ललित यानी जस्टिस यूयू ललित भारत के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे। वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एनवी रमना इसी माह की 27 तारीख को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। जस्टिस ललित 49वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। उनका कार्यकाल तीन महीने से भी कम अवधि का होगा।
उल्लेखनीय है कि जस्टिस यूयू ललित 13 अगस्त 2014 में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने थे। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एनवी रमना ने जस्टिस यूयू ललित को भारत का मुख्य न्यायाधीश बनाये जाने की अनुशंसा की है। विधि मंत्रालय ने बुधवार, 3 अगस्त को चीफ जस्टिस से उनके उत्तराधिकारी का नाम मांगा था।
वरिष्ठ वकील रहे जस्टिस यूयू ललित 9 नवंबर 1957 को पैदा हुए और उन्होंने 1983 में बॉम्बे हाईकोर्ट में वकालत शुरुआत की। वर्ष 1986 में वे दिल्ली आ गए और वर्ष 2004 में सर्वोच्च न्यायालय ने उन्हें वरिष्ठ वकील का दर्जा दिया था। 2जी स्पेक्ट्रम केस में ललित सीबीआई की तरफ से विशेष अभियोजक बने थे। जस्टिस ललित 8 नवंबर 2022 को अपने पद से रिटायर हो जाएंगे। उन्हें तीन तलाक पर दिये गये ऐतिहासिक फैसले के लिए भी याद किया जाता है।
जस्टिस यूयू ललित को सीधे बार से ही सर्वोच्च न्यायालय में जज नियुक्त किया गया था। वे सीधे बार से देश के चीफ जस्टिस बनने वाले दूसरे न्यायाधीश होंगे। उनसे पूर्व पहले जस्टिस एमएम सीकरी को वर्ष 1971 में 13वें मुख्य न्यायाधीश बने थे। वह भी बार से सीधे सुप्रीम कोर्ट में जज बनाए गए थे।
What's Your Reaction?