दिल्ली के रामलीला मैदान में आज किसान महापंचायत: रूट और ट्रैफिक की बजेगी बैंड, जेएलएन मार्ग से बचकर निकलें 

<p><em><strong>दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान महापंचायत के चलते ट्रैफिक जाम रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने रूट प्लान और एडवाइजरी जारी की है।</strong></em></p>

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज किसान महापंचायत: रूट और ट्रैफिक की बजेगी बैंड, जेएलएन मार्ग से बचकर निकलें 
20-03-2023 - 11:22 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

 दिल्ली के रामलीला मैदान में आज एक किसान महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर से बड़ी तादाद में किसानों के जुटने की संभावना है। यह महापंचायत किसान आंदोलन की अगुवाई करने वाले संयुक्त किसान मोर्चे के बैनर तले हो रही है। हजारों किसान बसों व अन्य निजी वाहनों से भी यहां पहुंचेंगे। इसे देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। 
रामलीला मैदान के आस-पास ट्रैफिक के भी प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को आगाह किया है। खासकर नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, कश्मीरी गेट बस अड्डा और एलएनजेपी व कस्तूरबा हॉस्पिटल आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसका असर आईटीओ, दिल्ली गेट, राजघाट, दरियागंज, पहाड़गंज, कनॉट प्लेस, मंडी हाउस और इंडिया गेट समेत आस-पास के कई अन्य इलाकों में भी देखने को मिल सकता है, जहां सुबह और शाम को कंजेशन बढ़ सकता है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पंचायत में शामिल होने के लिए किसानों के रामलीला मैदान पहुंचने का सिलसिला रविवार की शाम से ही शुरू हो गया है। सोमवार की सुबह इसमें और तेजी आएगी। ट्रैफिक पुलिस ने पंचायत में करीब 20 हजार लोगों के जुटने का अनुमान लगाया है, लेकिन संयुक्त किसान मोर्चे के नेताओं का दावा है कि एक लाख से अधिक किसान इस महापंचायत में शामिल होंगे। दिल्ली के अलावा हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल से लेकर दक्षिण भारत तक के राज्यों से भी किसान दिल्ली पहुंच रहे हैं।
यहां रखी गई है पार्किंग
रामलीला मैदान के आस-पास की सड़कों पर कंजेशन मिल सकता है, इसलिए लोग जवाहरलाल नेहरू मार्ग से बचकर निकलें। किसानों के लिए राजघाट, शांति वन, माता सुंदरी रोड, प्रगति पावर हाउस समेत आस-पास की कुछ अन्य जगहों पर पार्किंग का भी इंतजाम किया गया है। जब वहां से लोग पैदल चलकर रामलीला मैदान पहुंचेंगे, उस दौरान भी जगह-जगह ट्रैफिक को रोका जा सकता है, ताकि लोग सुरक्षित तरीके से सड़क पार करके जा सकें।
रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा कड़ी
दिल्ली के रामलीला मैदान में किसानों की महापंचायत से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है।
संयुक्त किसान मोर्चे की किसान महापंचायत क्यों?
न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानूनी गारंटी की मांग के साथ-साथ किसानों की समस्याओं को लेकर यह महापंचायत आयोजित की जा रही है। किसान मोर्चा के नेता दर्शन पाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘केंद्र सरकार ने 9 दिसंबर, 2021 को हमें लिखित में दिए गए आश्वासनों को पूरा करना चाहिए और किसानों के सामने लगातार बढ़ते संकट को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाना चाहिए।’ 
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।