बलूचिस्तान के ग्वादर में बड़ा हमला: कई चीनी नागरिकों के मारे जाने की खबरें, पाकिस्तान ने साधी चुप्पी

<p><em><strong>पाकिस्तान के ग्वादर में एक आतंकी हमले की खबरें हैं। बताया जा रहा है कि इस हमले में चीन के कर्मियों को निशाना बनाया गया है। हमलों में कई चीनी नागरिकों के मारे जाने या फिर उनके गंभीर रूप से घायल होने की खबरें आ रही हैं।</strong></em></p>

बलूचिस्तान के ग्वादर में बड़ा हमला: कई चीनी नागरिकों के मारे जाने की खबरें, पाकिस्तान ने साधी चुप्पी
14-08-2023 - 09:42 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

बलूचिस्तान के ग्वादर में एक बड़े आतंकी हमले की खबरें हैं। बताया जा रहा है कि फकीर कॉलोनी ब्रिज के पास एक चीनी कंपनी के वाहन को आतंकियों ने निशाना बनाया है। ग्वादर वह जगह है, जहां पर चीन पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (सीपीईसी) के कई प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। बताया जा रहा है कि चीनी काफिले को निशाना बनाकर कई आतंकियों ने हमला किया है। स्थानीय रिपोर्ट्स पर यकीन करें तो सुरक्षाबल करीब दो घंटे से ज्यादा समय तक अज्ञात हमलावरों के साथ गोलीबारी में लगे रहे।
शहर हाई अलर्ट पर
अधिकारियों ने शहर को हाई अलर्ट पर रखा और यहां से किसी से भी निकलने और दाखिल होने पर बैन लगा दिया है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था की वजह से आने वाले समय में यात्रा में देर हो सकती है। साथ ही, ग्वादर बंदरगाह पर शिपिंग में भी बाधा आ सकती है। कहा जा रहा है कि हमले में कई चीनी नागरिकों की मौत भी हो गई है। इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के आत्मघाती दस्ते मजीद ब्रिगेड ने ली है। बीएलए का दावा है कि ग्वादर में हमले में उसने चार चीनी नागरिकों और पाकिस्तानी सेना के नौ कर्मियों सहित 13 को मार डाला। बीएलए की मजीद ब्रिगेड की तरफ से ये हमले हुए हैं।
चीन ने दी नागरिकों को सलाह
ग्वादर में काफी देर तक विस्फोटों और गोलियों की आवाज सुनी गई। यहां पर सड़कों पर ट्रैफिक पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया गया है। चीनी इंजीनियरों के काफिले पर सुबह करीब साढ़े नौ बजे हमला हुआ था। दो घंटे बाद भी हालात मुश्किल बने हुए थे। हमले के बाद पाकिस्तान में चीनी वाणिज्य दूतावासों ने बलूचिस्तान और सिंध में अपने नागरिकों को अगले आदेश तक अपने घरों के अंदर ही रहने के आदेश जारी किए हैं। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की तरफ से दो हमलावरों की तस्वीरें जारी की गई हैं। अस्पताल और स्थानीय सूत्रों ने भी हमले में कई लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।
चीन ने पाकिस्तान को दी थी चेतावनी
चीन ने सीपीईसी प्रोजेक्ट्स के साथ पाकिस्तान में 48 बिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है। इस साल अप्रैल में चीन की तरफ से पाकिस्तान की आर्मी से बातचीत की गई थी। चीन ने चेतावनी दी थी कि अगर पाकिस्तान चीनी नागरिकों और बलूचिस्तान में होने वाले हमलों को रोकने में विफल रहा तो ठीक नहीं होगा। चीन गए इंटेलीजेंस एजेंसी आईएसआई के मुखिया लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम को चीन की तरफ से आगाह किया गया था। सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के चीन दौरे पर भी इस बात की तरफ ध्यान दिलाया गया था। हाल ही में साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट में भी दावा किया गया था कि चीन, सीपीईसी और इसमें शामिल अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर खासा चिंतित है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।