बेबाक बयानों के बादशाह भंवरलाल शर्मा नहीं रहे

<p><em><strong>जयपुर के एसएमएस अस्पताल में रविवार सुबह शर्मा ने अंतिम सांस ली।</strong></em></p>

बेबाक बयानों के बादशाह भंवरलाल शर्मा नहीं रहे
09-10-2022 - 01:40 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चूरू जिले के सरदाशहर से विधायक पंडित भंवरलाल शर्मा का निधन हो गया है। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में रविवार सुबह शर्मा ने अंतिम सांस ली। शनिवार शाम को ही उन्हें एसएमएस अस्पताल भर्ती करवाया गया था। शर्मा पिछले कई दिनों से बीमार थे। पहले उन्हें गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भी भर्ती करवाया था, जहां से छुट्टी मिल गई थी। उन्हें किडनी सहित कई तरह की बीमारियां थीं। शनिवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया था, जहां रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
सभी दलों ने जताया शोक
उनके निधन पर कांग्रेस, बीजेपी के नेताओं सहित कई संगठनों ने शोक जताया है। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनके बेटे अनिल शर्मा को सरकार ने पिछले साल राजनीतिक नियुक्ति दी थी।
बेबाक बयानबाजी रही पहचान
शर्मा अपने 37 साल के करियर में हमेशा बेबाक बयानबाजी के लिए पहचाने गए। आम आदमी से जुड़ाव और खुलकर अपनी बात कहने के कारण कई बार परेशानी का भी सामना करना पड़ा। करीब आठ साल पहले कांग्रेस ने उन्हें राहुल गांधी को जोकर कहने पर निलंबित कर दिया था।
सरपंच से राजनीतिक करियर की शुरुआत
17 अप्रैल 1945 को सरदाशहर के जैतसीसर गांव में पैदा हुए भंवरलाल शर्मा ने 60 के दशक में सरपंच से राजनीतिक करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने सियासत में पीछे मुड़कर नहीं देखा। वे सरदारशहर से सात बार विधायक रहे और 8वीं से लेकर 12वीं विधानसभा तक सरदारशहर से पांच बार लगातार जीते। वे कांग्रेस से पहले जनता पार्टी में रहे थे।
उप मुख्य सचेतक भी रहे
भंवरलाल 1985 में पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद 1990 में राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री और विधानसभा में उप मुख्य सचेतक जैसे पदों पर भी रहे।
सीएम गहलोत ने जताया दुख
सीएम अशोक गहलोत ने विधायक भंवरलाल शर्मा के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘सरदारशहर (चूरू) से कांग्रेस विधायक श्री भंवरलाल शर्मा के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। काफी समय से वो अस्वस्थ चल रहे थे, उनके स्वास्थ्य को लेकर मैं उनके परिवारजनों के संपर्क में था, कल रात एसएमएस अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से जानकारी ली और परिवार से मुलाकात की थी।’
राज्यपाल ने जताई संवेदना
शर्मा के निधन पर राज्यपाल कलराज मिश्र, सीएम अशोक गहलोत, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित मंत्रियों और नेताओं ने भी शोक जताया है।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।