राष्ट्रपिता हैं मोहन भागवत..! उन्होंने जो कह दिया ठीक हैः अहमद इलियासी, इमाम संगठन के प्रमुख

राष्ट्रपिता हैं मोहन भागवत..! उन्होंने जो कह दिया ठीक हैः अहमद इलियासी, इमाम संगठन के प्रमुख
23-09-2022 - 11:16 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत गुरुवार, 22 सितंबर को अखिल भारतीय इमाम संगठन प्रमुख अहमद इलियासी से मिलने दिल्ली में कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित एक मस्जिद गये। उन्होंने इलियासी से करीब एक घंटे तक बंद कमरे में मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद अहमद इलियासी ने आश्चर्यजनक रूप से भागवत को ‘राष्ट्रपिता’ कह दिया।

दरअसल भागवत से हुई इस मुलाकात के बाद इलियासी से पूछा गया था,   भागवत ने कुछ समय पहले कहा था कि भारत के हिंदू और मुसलमान का डीएनए एक है और मुसलमान के बिना हिंदुस्तान पूरा नहीं होता। उनकी इस बात से इलियासी कितना इत्तेफाक रखते हैं..? इस पर इमाम संगठन के प्रमुख अहमद इलियासी ने कहा, 'जो उन्होंने कहा है वह सही है चूंकि वे राष्ट्रपिता हैं जो उन्होंने कह दिया वो ठीक है।’

उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय इमाम संगठन का कार्यालय कस्तूरबा गांधी मार्ग पर स्थित मस्जिद में है। यहीं पर भागवत और इलियासी के बीच एक घंटे तक बंद कमरे में चर्चा हुई। भागवत के साथ आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी कृष्ण गोपाल, राम लाल और इंद्रेश कुमार भी थे। राम लाल तो पूर्व में भारतीय जनता पार्टी के संगठन सचिव थे जबकि इंद्रेश कुमार वर्तमान में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संरक्षक हैं।
 इलियासी ने मुलाकात के बाद कहा कि हम सभी का मानना है कि देश पहले आता है। इमाम संगठन के प्रमुख ने कहा कि हमारा डीएनए एक ही है, केवल ईश्वर की इबादत का तरीका अलग है। उन्होंने बताया कि मदरसे में आरएसएस के सर संघचालक ने बच्चों के साथ बातचीत भी की।
बैठक के बाद अहमद इलियासी के भाई सुहैब इलियासी ने कहा, ‘यह काफी अच्छी बात है कि भागवत हमारे पिता की पुण्यतिथि पर हमारे निमंत्रण पर यहां आए। इससे देश में अच्छा संदेश भी गया है।’ उल्लेखनीय है कि आरएसएस प्रमुख साम्प्रदायिक सौहार्द्र को मजबूत करने के लिए मुस्लिम बुद्धिजीवियों के साथ चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने हाल में दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस वाई कुरैशी, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल जमीरउद्दीन शाह, पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी और कारोबारी सईद शेरवानी से मुलाकात की थी।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।