नागपुर टेस्ट: दूसरे दिन रोहित के बाद जडेजा-अक्षर का कमाल, ऑस्ट्रेलिया के लिए मर्फी का पंच
<p><strong>नागपुर में चल रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन रोहित शर्मा के शतक के बाद टॉड मर्फी ने पांच विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को मैच में वापस लाने की कोशिश की लेकिन रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल के अर्धशतक के चलते मैच में भारत की पकड़ अभी मजबूत है। </strong></p>
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भी टीम इंडिया का दबदबा बना रहा। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 321-7 है। भारत के पास 144 रन की बढ़त है और उसके तीन विकेट बचे हुए हैं। इसके अलावा दो जमे हुए बल्लेबाज क्रीज पर हैं। रवींद्र जडेजा 66 और अक्षर पटेल 52 रन बनाकर खेल रहे हैं। मैच में तीन दिन का खेल बाकी है। ऐसे में टीम इंडिया तीसरे दिन भी ज्यादा से ज्यादा रन बनाकर मैच में अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहेगी।
मैच का दूसरा दिन रहा रोमांचक
77-1 से आगे खेलते हुए भारत ने अच्छी शुरुआत की। रोहित और अश्विन ने दूसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। इसके बाद अश्विन 23 रन बनाकर मर्फी का दूसरा शिकार बने। तीसरे नंबर पर आए पुजारा ने खराब शॉट पर मर्फी को विकेट दिया। वह सिर्फ सात रन बना पाए। लंच के बाद पहली गेंद पर कोहली भी लेग स्टंप के बाहर की गेंद पर मर्फी को विकेट दे गए। उन्होंने 12 रन बनाए । टेस्ट मैच की पहली पारी में सूर्यकुमार आठ रन बना पाए और लियोन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। इसके बाद कप्तान रोहित ने जडेजा के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभाला। रोहित और जडेजा के बीच 61 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान रोहित ने अपना शतक भी पूरा किया। नई गेंद आने के बाद पैट कमिंस ने उन्हें 120 रन के स्कोर पर बोल्ड किया। इसके बाद आए श्रीकर भरत भी आठ रन बनाकर मर्फी के पांचवें शिकार बने।
मुसीबत से उबार ले गए अक्षर-जडेजा
एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत की पारी दूसरे दिन ही खत्म हो जाएगी, लेकिन जडेजा और अक्षर ने ऐसा नहीं होने दिया। इन दोनों ने अब तक 81 रन की साझेदारी की है। जडेजा 66 और अक्षर 52 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों मैच के तीसरे दिन भारत की बढ़त को 200 रन के पार ले जाने की कोशिश करेंगे। इसके अलावा दोनों की कोशिश शतकीय पारी खेलने की होगी।
What's Your Reaction?