खुशियों में खललः चाईबासा में नक्सली मुठभेड़, दो जवान शहीद, तीन सुरक्षित लौटे
<p><em><strong>नक्सलियों के साथ इस मुठभेड़ में सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी और हवलदार गौतम कुमार शहीद हुए हैं। मुठभेड़ उस समय हुई जब सुरक्षाबल के जवान नियमित तलाशी अभियान पर निकले थे। </strong></em></p>
पश्चिमी सिंहभूम-चाईबासा जिले के टोटो थाना क्षेत्र में सुरक्षा बल और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गये हैं। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ मंगलवार को हुई थी, जिसमें पांच जवान लापता थे। शहीद जवान झारखंड जगुआर के बताए जा रहे हैं। नक्सलियों के साथ इस मुठभेड़ में सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी और हवलदार गौतम कुमार शहीद हुए हैं।
सुरक्षा बल और नक्सलियों के बीच मुठभेड़
मुठभेड़ उस समय हुई जब सुरक्षाबल के जवान नियमित तलाशी अभियान पर निकले थे। बताया जा रहा है कि लापता हुए पांच जवानों में से दो जवान शहीद हुए हैं। यह जानकारी आज मिली है। पांच जवान तलाशी अभियान के दौरान लापता हुए थे, जिसमें से तीन अब लौट आये हैं। टोटो जंगल के इलाके में नक्सली मिसिर बेसरा का दस्ता छिपा है।
अपने नवजात बच्चे से नहीं मिल सके अमित तिवारी
बताया जा रहा है कि चाईबासा जिले के तुम्बाहाका और सरजम्बुरु के जंगल मे सोमवार रात सुरक्षाबल सर्चिंग अभियान में निकले थे। नक्सली घने जंगल में छिप कर घात लगाकर बैठे थे। अचानक नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी गोलियां चलाई दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चली। इस दौरान दो जवान शहीद हो गये। अमित तिवारी खूंटी जिले के तोरपा थाना में थाना प्रभारी के रूप में भी अपना योगदान दे चुके हैं। शहीद सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी पलामू जिले के थे। 3 दिन पहले ही उनके बेटे का जन्म हुआ था।
नक्सलियों का पहला मुख्यालय, इसी इलाके में लगे हैं सबसे ज्यादा बम
टोंटो प्रखंड का तुम्बाहाका इलाका सबसे संवेदनशील है। यह नक्सलियों का पहला मुख्यालय था। गोइलकेरा थाना क्षेत्र के छोटा कुइदा-मरादिरी रोडपर सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए नक्सलियों ने आईईडी लगा रखे हैं। पांच महीने में यहां से 135 आईईडी बरामद हो चुके हैं। ये 20-20 किलो तक वजनी थे। इन आईईडी की चपेट में आकर कई ग्रामीणों की मौत भी हो चुकी है।
बड़े नक्सली अभी पकड़ से बाहर
पुलिस का मानना है कि कोल्हान के जंगल में ही शीर्ष नक्सली नेता छिपे हुए हैं। इनमें मिसिर बेसरा, अनमोल, मोचू, चमन, कंडे, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन आदि शामिल हैं। इनका पूरा दस्ता इसी जंगल में सक्रिय है। इनकी गिरफ्तारी के लिए 11 जनवरी से ही सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस संयुक्त अभियान चला रहे हैं। लेकिन कोई भी शीर्ष नेता गिरफ्त में नहीं आया है।
नक्सलियों ने लगा रखा है अघोषित कर्फ्यू
इस इलाके में नक्सलियों ने अघोषित कर्फ्यू लगा रखी है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे जंगल में न आएं। क्योंकि उन्होंने जगह-जगह आईईडी लगा रखी है। किसी की भी जान जा सकती है। इससे लोग जंगल में जाने से बचते हैं। जो जाते हैं, वे बम की चपेट में आकर जान गंवा बैठते हैं।
पुलिस को मिली थी चार दिन पहले बड़ी सफलता
चार दिन पहले ही इस इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की और नक्सलियों के कैंप पर कब्जा कर लिया। इस अभियान में भी एक जवान शहीद हो गया था। चाईबासा जिले के जंगल में नक्सलियों का दस्ता छिपा है। जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में नक्सली और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ होती रहती है। सुरक्षा बल नक्सलियों के बेहद करीब पहुंच गये हैं। चार दिन पहले ही मेडिका में लाने के बाद सुशांत कुमार की स्थिति काफी गंभीर थी, उनके सीने में गोली लगी इस वजह से डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कई इलाकों में सर्च अभियान तेज
सुरक्षा बल लगातार इन इलाकों में अभियान चला रहे हैं। जंगल के इलाकों में लैंड माइंस और कई स्पाइक छिपी है। जिससे नक्सली सुरक्षा बलों का रास्ता रोकने की कोशिश करते हैं। जिले के टोंटो थाना क्षेत्र इलाके में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। चार साल में पहली बार सुरक्षा बल भाकपा माओवादी नक्सली संगठन सेंट्रल कमेटी और एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा के करीब पहुंच गयी है।
मिसिर बेसरा कैंप को किया ध्वस्त
अभियान की सफलता के बाद मिसिर बेसरा के बेस कैंप को सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया। बंकर 20 गुणा 40 के आकार में था और यही से एक करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा ऑपरेट कर रहा था। बंकर में लाइट की सुविधा से लेकर दैनिक जरूरत का हर सामान मौजूद था। बंकर में सुरक्षा बलों को मोर्टार, विस्फोटक सहित अन्य हथियार और नक्सली साहित्य बरामद हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने अभी इस संबंध में खुलासा नहीं किया है लेकिन यह बड़ी सफलता मानी जा रही थी लेकिन अभियान के दौरान पांच जवानों के लापता होने और उनमें से दो के शहीद होने की खबर ने सबको हैरान कर दिया है।
What's Your Reaction?