पाकिस्तान मांग रहा भारत की जीत की दुआएं...! अफगानिस्तान के पास भी इतिहास रचने का मौका

<p><em><strong>विश्व कप 2023 अब रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में लीग राउंड में कुल 45 मुकाबले खेले जाने हैं। अभी तक 30 मैच खेले जा चुके हैं, लेकिन सेमीफाइनल में कोई भी टीम अपनी जगह पक्की नहीं कर सकी है। सभी टीमों ने छह-छह मुकाबले (मंगलवार के मैच से पहले तक) खेल लिए हैं।</strong></em></p>

पाकिस्तान मांग रहा भारत की जीत की दुआएं...! अफगानिस्तान के पास भी इतिहास रचने का मौका
01-11-2023 - 08:38 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

अंक तालिका में भारत 12 अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका दूसरे, न्यूजीलैंड तीसरे, ऑस्ट्रेलिया चैथे, अफगानिस्तान पांचवें, श्रीलंका छठे, पाकिस्तान सातवें, नीदरलैंड आठवें, बांग्लादेश नौवें और डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड 10वें स्थान पर है। बांग्लादेश और इंग्लैंड का बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं, पाकिस्तान की टीम पर भी खतरा मंडरा रहा है। अगर उसे सेमीफाइनल में पहुंचना है तो अपने सभी मुकाबले जीतने के साथ-साथ यह भी मनाना होगा कि भारत भी अपने सभी मैच जीते। इस तरह ही भारत और पाकिस्तान की टीमें नॉकआउट में भिड़ सकती हैं। अगर पाकिस्तान बाहर होता है तो सेमीफाइनल या फाइनल में भारत-पाकिस्तान मैच देखने की उम्मीद कर रहे फैंस को निराशा होगी। आइए जानते हैं किस टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की क्या संभावना है और क्या समीकरण है...!
1. भारत
भारत का सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय है। सात मैच जीतने और 14 अंक होने पर टीम इंडिया की सेमीफाइनल में जगह पक्की हो जाएगी। पांचवें स्थान या इससे नीचे मौजूद किसी भी टीम के सभी मैच जीतने पर भी 14 अंक नहीं हो पाएंगे। ऐसे में भारत बाकी बचे तीनों मुकाबले में से एक भी मैच जीतता है तो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। 
भारत के बचे हुए मुकाबले: भारत को दो नवंबर को मुंबई में श्रीलंका से, पांच नवंबर को कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका और 12 नवंबर को बंगलूरू में नीदरलैंड से खेलना है।
2. दक्षिण अफ्रीका
भारत की तरह दक्षिण अफ्रीका की टीम को भी सेमीफाइनल में स्थिति पक्की करने के लिए 14 अंक की जरूरत होगी। उसके फिलहाल छह मैचों में पांच जीत और एक हार के साथ 10 अंक हैं। अफ्रीका के तीन और मैच बचे हैं, लेकिन दो और मैच जीतने पर टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। इससे कम अंक होने पर नेट रन रेट का खेल आ सकता है। 
दक्षिण अफ्रीका के बचे हुए मुकाबले: दक्षिण अफ्रीका को एक नवंबर को पुणे में न्यूजीलैंड से, पांच नवंबर को कोलकाता में भारत से और 10 नवंबर को अहमदाबाद में अफगानिस्तान से खेलना है।
3. न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड के छह मैचों में आठ अंक हैं। टीम अगर यहां से अपने तीनों मैच जीतती है तो उसके 14 अंक हो पाएंगे। एक भी मैच हारने पर टीम को नीचे मौजूद टीमों के साथ नेट रन रेट के पचड़े में फंसना पड़ सकता है। 
न्यूजीलैंड के बचे हुए मुकाबले: न्यूजीलैंड की टीम एक नवंबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुणे में खेलेगी। उसके बाद उसे चार नवंबर को बंेगलूरु में पाकिस्तान और नौ नवंबर को बंेगलूरु में ही श्रीलंका के खिलाफ खेलना है।
4. ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती दो मैच गंवाने के बाद जबरदस्त वापसी की और लगातार चार मैच जीते। अब टीम अंक तालिका में चैथे स्थान पर आकर खड़ी हो गई है। उसके छह मैचों के बाद आठ अंक हैं। न्यूजीलैंड की तरह ऑस्ट्रेलिया को भी यहां से सभी मैच जीतने होंगे। एक भी हारने पर नेट रन रेट का मसला आ सकता है। 
ऑस्ट्रेलिया के बचे हुए मुकाबले: ऑस्ट्रेलिया की टीम चार नवंबर को इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में खेलेगी। उसके बाद सात नवंबर को मुंबई में अफगानिस्तान और 11 नवंबर को पुणे में बांग्लादेश से मुकाबला होगा।
5. अफगानिस्तान
अफगानिस्तान के छह मैचों के बाद तीन जीत और तीन हार के साथ छह अंक हैं। यदि यह टीम अपने शेष तीनों मैच जीतने में कामयाब रहती है तो उनके 12 अंक होंगे। यह देखते हुए कि केवल चार अन्य टीमें 12 या अधिक अंक प्राप्त कर सकती हैं, अफगानिस्तान की टीम अगर 12 अंक ले लेते हैं तो उनके पास एक उचित मौका होगा। शुक्रवार को उनका मैच नीदरलैंड के खिलाफ है। उनके आखिरी दो मैच ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हैं। यदि अन्य मैचों के नतीजे उनके अनुकूल रहे तो 10 अंक रहते भी वह सेमीफाइनल में पहुंच सकते हैं।
हालांकि, अगर नेट रन रेट की बात आती है, तो अफगानिस्तान काफी निगेटिव में है। शीर्ष चार में मौजूद सभी टीमों का एनआरआर 0.95 से अधिक है। अफगानिस्तान की टीम अगर सभी मैच जीतती है तो सेमीफाइनल में पहुंचने की प्रबल दावेदार होगी और अगर ऐसा हुआ तो वह इतिहास रच देंगे। यह टीम पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाएगी। क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है। यह टीम अपना दिन होने पर किसी भी बड़ी टीम को शिकस्त दे सकती है।
अफगानिस्तान के बचे हुए मुकाबले: अफगानिस्तान की टीम तीन नवंबर को लखनऊ में नीदरलैंड, सात नवंबर को मुंबई में ऑस्ट्रेलिया और 10 नवंबर को अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी।
6. श्रीलंका
छह मैचों में चार अंकों के साथ श्रीलंका, पाकिस्तान और नीदरलैंड की स्थिति एक जैसी है। हालांकि, अभी तक यह टीम तकनीकी रूप से बाहर नहीं हुई है। यह संभव है कि दो टीमें 12 या अधिक अंक अर्जित कर सकती हैं, जबकि छह टीमों के बीच दो स्थान के लिए आठ अंक लेकर भी लड़ाई हो सकती है। इसका मतलब है कि श्रीलंका, जो अभी भी 10 अंकों पर समाप्त हो सकता है, पाकिस्तान और नीदरलैंड की तरह क्वालिफाई करने की स्थिति में बना हुआ है। हालांकि, उनके शेष तीन मैचों में से दो भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ हैं, उनके आगे बढ़ने की संभावना बेहद कम दिख रही है।
श्रीलंका के बचे हुए मुकाबले: श्रीलंका की टीम दो नवंबर को मुंबई में भारत, छह नवंबर को दिल्ली में बांग्लादेश और नौ नवंबर को बेंगलूरु में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगी।
7. पाकिस्तान
पाकिस्तान के छह मैचों में दो जीत और चार हार के साथ चार अंक हैं। टीम अधिकतम 10 अंक तक पहुंच सकती है। हालांकि, इसके लिए उन्हें सभी मैच जीतने होंगे। साथ ही, यह भी मनाना होगा कि भारत अपने सभी मैच जीते। इतना ही नहीं, पाकिस्तान के फैंस चाहेंगे कि न्यूजीलैंड अपने बाकी बचे तीन में से दो मैच जीते। दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया बाकी बचे तीनों मैच हार जाए। अफगानिस्तान बाकी बचे तीन मैचों में से दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया को हरा दे, लेकिन नीदरलैंड से हार जाए। श्रीलंका बाकी बचे तीनों मैच में से बांग्लादेश के खिलाफ जीतने में कामयाब रहे। इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड के खिलाफ जीतने में कामयाब रहे। नीदरलैंड अफगानिस्तान से जीते और बाकी दो मैच हार जाए। बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया से जीते और बाकी मैच हार जाए। 
इतना होने के बाद भारत 18 अंकों के साथ क्वालिफाई कर जाएगा। वहीं, न्यूजीलैंड 12 अंक और दक्षिण अफ्रीका 10 अंकों के साथ क्वालिफाई कर लेगा। पाकिस्तान के भी 10 अंक हो जाएंगे, जबकि अफगानिस्तान के भी इतने ही अंक होंगे। पाकिस्तान को चाहिए कि वह तीन में से कोई मैच बड़े अंतर से जीते, ताकि उसका नेट रन रेट अफगानिस्तान से बेहतर हो। इस स्थिति में अफगानिस्तान के 10 अंक होने के बावजूद पाकिस्तान की टीम 10 अंक और बेहतर रन रेट के साथ क्वालिफाई कर जाएगी। बाकी सभी टीमें कम अंक होने से बाहर हो जाएगी। हालांकि, ऐसा होना बेहद मुश्किल है।
पाकिस्तान को चाहिए ऐसा नतीजा
टीम    क्या नतीजा चाहिए    अंक हो जाएंगे
भारत    अपने सभी मैच जीते    18
न्यूजीलैंड    बचे 3 में से 2 मुकाबले जीते    12
दक्षिण अफ्रीका    अपने सभी मैच हारे    10
ऑस्ट्रेलिया    अपने सभी मैच हारे    8
अफगानिस्तान    द. अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से जीते    10
श्रीलंका    बांग्लादेश को हराए, भारत-न्यूजीलैंड से हार जाए    6
पाकिस्तान    सभी मैच जीते, अफगानिस्तान से बेहतर हो नेट रनरेट    10
इंग्लैंड    ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड को हराए    6
नीदरलैंड    अफगानिस्तान से जीते, बाकी 2 मैच हारे    6
बांग्लादेश    ऑस्ट्रेलिया से जीते, बाकी मैच हारे    4

पाकिस्तान के बचे हुए मुकाबले: पाकिस्तान को चार नवंबर को बंगलूरू में न्यूजीलैंड से और 11 नवंबर को कोलकाता में इंग्लैंड से खेलना है।
8. नीदरलैंड
नीदरलैंड के भी छह मैचों में दो जीत और चार हार के साथ चार अंक हैं। इस टीम के लिए भी आगे का रास्ता बेहद मुश्किल है। अगर टीम अपने सभी मैच जीतने में कामयाब रहती है तो उसे बाकी टीमों के नतीजे पर निर्भर रहना होगा, क्योंकि नेट रन रेट का खेल होगा। एक भी मैच हारने पर उसका रास्ता बेहद मुश्किल हो जाएगा। ऑस्ट्रेलिया या न्यूजीलैंड के दो-दो मैच जीतने पर श्रीलंका, पाकिस्तान और नीदरलैंड समेत बाकी टीमों (अफगानिस्तान को छोड़कर) का रास्ता बंद हो जाएगा। 
नीदरलैंड के बचे हुए मुकाबले: नीदरलैंड को तीन नवंबर को लखनऊ में अफगानिस्तान, आठ नवंबर को पुणे में इंग्लैंड और 12 नवंबर को बंेंगलूरु में भारत के खिलाफ खेलना है।
9, 10. बांग्लादेश और इंग्लैंड
बांग्लादेश और डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड का अब सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग नामुमकिन है। ये दोनों टीमें तकनीकी रूप से तो बाहर नहीं हुई हैं, लेकिन अगले कुछ मैचों में इसका फैसला हो जाएगा। बांग्लादेश आज पाकिस्तान के सामने है। अगर बांग्लादेश की टीम यह मैच हारती है तो आधिकारिक रूप से विश्व कप से बाहर होने वाली पहली टीम बन जाएगी। वहीं, इंग्लैंड को चार नवंबर को ऑस्ट्रेलिया से खेलना है। एक भी हार इंग्लैंड को आधिकारिक रूप से टूर्नामेंट से बाहर कर देगी।
बांग्लादेश के बचे हुए मुकाबले: बांग्लादेश को 31 अक्तूबर को कोलकाता में पाकिस्तान, छह नवंबर को दिल्ली में श्रीलंका और 11 नवंबर को पुणे में ऑस्ट्रेलिया से खेलना है।
इंग्लैंड के बचे हुए मुकाबले: इंग्लैंड की टीम को चार नवंबर को अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया, आठ नवंबर को पुणे में नीदरलैंड और 11 नवंबर को कोलकाता में पाकिस्तान से खेलना है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।