इमरान खान के घर के पास भारी गोलाबारीः पाकिस्तान के पूर्व पीएम ने जारी किया वीडियो
<p><em><strong>पुलिस कार्रवाई का विरोध करने के लिए हथियारों से लैस पीटीआई के कार्यकर्ता भी 70 वर्षीय नेता के आवास के बाहर बड़ी संख्या में मौजूद हैं। इससे पहले आज इमरान खान ने एक वीडियो जारी कर अपने खिलाफ साजिश का दावा किया था।</strong></em></p>
पाकिस्तान पुलिस ने बुधवार को तोशाखाना मामले में गिरफ्तारी का सामना कर रहे देश के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के आवास के पास भारी गोलाबारी शुरू कर दी। गोलाबारी आज सुबह करीब छह बजे शुरू हुई। पुलिस की एक भारी टुकड़ी ने लाहौर में इमरान खान के आवास को घेर लिया क्योंकि इस्लामाबाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची हुई है।
पुलिस ने कंटेनर रखकर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष के घर की ओर जाने वाली सभी सड़कों को अवरुद्ध कर दिया और दंगाइयों को रोकने के लिए मोर्चा संभाला। पुलिस कार्रवाई का विरोध करने के लिए हथियारों से लैस पीटीआई के कार्यकर्ता भी 70 वर्षीय नेता के आवास के बाहर बड़ी संख्या में मौजूद हैं। इससे पहले आज इमरान खान ने एक वीडियो जारी कर अपने खिलाफ साजिश का दावा किया था।
पीटीआई समर्थकों ने पुलिस पर किया पथराव
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, इस्लामाबाद पुलिस ने मंगलवार को लाहौर में इमरान खान के जमान पार्क आवास के बाहर एकत्र हुए पीटीआई कार्यकर्ताओं के खिलाफ वाटर कैनन और आंसू गैस का सहारा लिया। समर्थकों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव भी किया। डॉन के मुताबिक, पुलिस और पीटीआई समर्थकों के बीच झड़प में इस्लामाबाद के डीआईजी शहजाद बुखारी घायल हो गए।
इमरान की जान को है खतरा
पीटीआई के फारुख हबीब ने जमान पार्क के बाहर अधिकारियों की फुटेज साझा की। उन्होंने कहा कि इमरान की जान को खतरा है, फिर भी पर्दे के पीछे ऐसी स्थितियां पैदा की जा रही हैं ताकि पूर्व प्रधानमंत्री की जान लेने की एक और कोशिश की जा सके। उन्होंने कहा, ‘एफ-8 में कोर्ट के सामने पेश होना किसी मौत के फंदे से कम नहीं है।’
अदालत ने जारी किया गैर-जमानती वारंट
गौरतलब है कि तोशाखाना मामले और महिला जज को धमकी देने के आरोप में कोर्ट के समक्ष पेश न होने पर अदालत ने सोमवार को इमरान खान के खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। पिछले साल आंदोलन के दौरान पाकिस्तान के वजीराबाद में गोली लगने से घायल होने के बाद चोट से उबर रहे पीटीआई प्रमुख इमरान खान दोनों मामलों में कोर्ट के सामने पेश नहीं हुए हैं।
क्या है तोशाखाना मामला?
पीटीआई प्रमुख इमरान खान पर तोशाखाना नामक सरकारी खजाने से रियायती मूल्य पर प्रधानमंत्री के विदेश दौरे पर प्राप्त एक महंगी ग्रैफ कलाई घड़ी सहित उपहार खरीदने और उन्हें लाभ के लिए बेचने का आरोप है। उनके द्वारा बेचे गए तोशाखाना उपहारों पर विवाद के बीच पाकिस्तान सरकार ने पहली बार पूर्व राष्ट्रपतियों, प्रधानमंत्रियों और अन्य अधिकारियों द्वारा अपने पास रखे गए विदेशी उपहारों का विवरण सार्वजनिक किया है। इसके अनुसार, कुछ अधिकारियों को छोड़कर अधिकांश ने उपहार मुफ्त में अपने पास रख लिये।
What's Your Reaction?