बंगलुरू ब्लास्ट के आरोपी की तस्वीर सार्वजनिक की गयी, सूचना देने वाले को मिलेगा 10 लाख का इनाम

<p><em>राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बेंगलुरु के कैफे में हुए ब्लास्ट के आरोपी की तस्वीर जारी की है। फोटो सार्वजनिक करते हुए ब्लास्ट के आरोपी की सूचना देने वाले को 10 लाख रुपय इनाम देने की घोषणा की है। ब्लास्ट करने वाला शख्स अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पुलिस और जांच एजेंसियां आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं।</em></p>

बंगलुरू ब्लास्ट के आरोपी की तस्वीर सार्वजनिक की गयी, सूचना देने वाले को मिलेगा 10 लाख का इनाम
07-03-2024 - 02:46 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे बम ब्लास्ट मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने ब्लास्ट को अंजाम देने वाले संदिग्ध आरोपी की तस्वीर जारी की है। इसके अलावा जो कोई भी उसके बारे में जानकारी देगा, उसे 10 लाख रुपए का इनाम भी दिए जाने का ऐलान किया गया है। कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि जांच एजेंसी को मामले की जांच के दौरान एक अहम सुराग हाथ लगा है। इस मामले की जांच एनआईए और सीसीबी की स्पेशल विंग मिलकर कर रही है। इंटरनेशनल टेक्नोलॉजी पार्क लिमिटेड के पास स्थित रामेश्वरम कैफे के पास बीते 1 मार्च को बम ब्लास्ट हुआ था। इसमें कई लोग घायल हो गए थे।
जांच एजेंसी ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर लिया, जिसके बाद उसकी तस्वीर सार्वजनिक कर दी गई है। हालांकि अब तक आरोपी गिरफ्त में नहीं आ सकता है और उसकी तलाश अभी भी जारी है। एनआईए ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ग् पर आरोपी की फोटो पोस्ट कर लिखा- बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामले में एनआईए ने हमलावर के बारे में जानकारी देने वाले को 10 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। एनआईए ने जो फोटो जारी की है, उसमें आरोपी का चेहरा नजर आ रहा है। जांच एजेंसी ने आरोपी के बारे में सूचना देने के लिए फोन नंबर और ईमेल आईडी भी शेयर की है।
बेंगलुरु के कैफे में ब्लास्ट के बाद कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने बीते 1 मार्च को स्पष्ट कर दिया था कि आरोपी को चंद घंटों में ही पकड़ लिया जाएगा। हालांकि अभी तक आरोपी की तलाश जारी है। सूत्रों ने बताया कि कम तीव्रता वाले इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट को अंजाम देने वाला आरोपी जांच एजेंसियों को भ्रमित करने के लिए आते-जाते समय 10 बीएमटीसी बस में चढ़ा और उतरा था। सूत्रों ने बताया कि अधिकारी अब विस्फोट स्थल से तीन किलोमीटर के दायरे में सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रहे हैं।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।