‘वन नेशन, वन यूनिफॉर्म’ का आइडिया देकर बोले मोदी, इसे थोपने की कोशिश नहीं कर रहा
<p><em><strong>प्रधानमंत्री ने कहा कि यद्यपि संविधान के हिसाब से कानून-व्यवस्था राज्यों का विषय है लेकिन यह देश की एकता और अखंडता से भी उतना ही जुड़ा हुआ है।</strong></em></p>
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलिस के लिए ‘एक देश, एक यूनिफॉर्म’ के विचार का प्रस्ताव रखा है। विभिन्न बलों के बीच एकरूपता को लेकर अपनी बात रखते हुए पीएम ने कहा कि यह केवल एक विचार है और वह इसे राज्यों पर थोपने का प्रयास नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने राज्यों से सुझाव के तौर पर इस बारे में विचार करने का आग्रह किया। पीएम मोदी ने कहा, ‘पुलिस के लिए ‘वन नेशन, वन यूनिफॉर्म’ केवल एक विचार है। मैं इसे आप पर इसे थोपने की कोशिश नहीं कर रहा हूं। बस इस पर विचार करें. यह हो सकता है। पांच, 50 या 100 साल में यह हो सकता है। लेकिन हमें इसके बारे में विचार करना चाहिए।’
राज्यों के गृह मंत्रियों के दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर’ को वीडियो काॅन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए राज्यों के बीच निकट सहयोग की वकालत की।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें प्रौद्योगिकी के लिए एक साझा मंच के बारे में सोचने की जरूरत है। साइबर अपराध हो या फिर ड्रोन प्रौद्योगिकी का हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में उपयोग, इनके लिए हमें नई प्रौद्योगिकी पर काम करते रहना होगा।’ इस शिविर में राज्यों के गृह मंत्रियों के अलावा वहां के गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक और केंद्रीय सुरक्षा बलों के महानिदेशक भी शामिल हुए।
What's Your Reaction?