गहलोत सरकार का गुर्जरों को तोहफा, देवनारायण जयंती पर रहेगा सरकारी अवकाश
<p><em><strong>पीएम नरेन्द्र मोदी के राजस्थान दौरे से एक दिन पहले गहलोत सरकार ने गुर्जर समाज को बड़ा तोहफा देते हुए देवनारायण जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित किया।</strong></em></p>
पीएम नरेन्द्र मोदी के राजस्थान दौरे से एक दिन पहले गहलोत सरकार ने गुर्जर समाज को बड़ा तोहफा दिया है। सीएम अशोक गहलोत ने गुर्जर समाज के आराध्य भगवान श्री देवनारायण की जयंती पर राज्य में राजकीय अवकाश घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। राज्य सरकार ने आमजन की आस्था और जनप्रतिनिधियों की मांग को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष जोगेन्द्र सिंह अवाना, उद्योग मंत्री शकुन्तला रावत तथा खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने सीएम गहलोत को पत्र लिखकर भगवान श्री देवनारायण जयंती पर अवकाश घोषित करने की मांग की थी। इस घोषणा को लेकर राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। 28 जनवरी को पीएम मोदी भीलवाड़ा के आसींद में आयोजित भगवान श्री देवनारायण की 1111वीं जयंती कार्यक्रम में हिस्सा लेने आ रहे हैं और वे वहां पर बड़ी घोषणा कर सकते हैं। इससे ठीक एक दिन पहले गुर्जरों को साधने के लिए सीएम गहलोत ने ये ऐलान कर दिया।
गौरतलब है कि भगवान श्री देवनारायण की एक गौरक्षक, असहाय लोगों के कष्टों का निवारण करने वाले लोक देवता एवं पराक्रमी योद्धा के रूप में आराधना की जाती है। राजस्थान एवं अन्य राज्यों में बड़ी संख्या में विभिन्न समाज के श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्री देवनारायण की पूजा की जाती है।
What's Your Reaction?