पहली विश्वकप विजेता टीम के प्रमुख सदस्य रोजर बिन्नी को बीसीसीआई में बड़ा पद मिलने की संभावना, 18 अक्टूबर को होंगे बोर्ड चुनाव
1983 में कपिल देव के नेतृत्व में एक दिवसीय मैचों की विश्व कप विजेता टीम के प्रमुख सदस्य रहे रोजर बिन्नी के बारे में संभावना व्यक्त की जा रही है कि वे बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (बीसीसीआई) में कोई महत्वपूर्ण पद पर आसीन हो सकते हैं। इसका आधार बताया जा रहा है कि भारत के पूर्व चयनकर्ता रहे बिन्नी वर्तमान में कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं और उन्हें मुंबई में होने वाली बीसीसीआई की सालाना आम बैठक यानी एजीएम में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया गया है। बीसीसीआई की एजीएम 18 अक्टूबर को होगी और इसी दिन बीसीसीआई के चुनाव भी होने हैं। चुनाव के परिणाम भी उसी दिन आ जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि बिन्नी से पहले कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ की तरफ से संतोष मेनन बीसीसीआई एजीएम में शिरकत करते थे लेकिन इस बार कर्नाटक इकाई का प्रतिनिधित्व रोजर बिन्नी करेंगे जबकि बीसीसीआई के निवर्तमान अध्यक्ष सौरव गांगुली बंगाल क्रिकेट संघ का प्रतिनिधित्व करेंगे। यद्यपि फिलहाल रोजर बिन्नी के बारे में केवल कयास ही लगाये जा रहे हैं। अगले सप्ताह जब बीसीसीआई चुनावों के लिए नामांकन दाखिल किये जाएंगे, तब मामला और अधिक स्पष्ट होने लगेगा।
बीसीसीआई में सचिव का पद वर्तमान में गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के जय शाह के पास है और वे बीसीसीआई की बैठक में गुजरात का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसी तरह कोषाध्यक्ष अरुण धूमल को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा एजीएम में राज्य निकाय का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया गया है। बीसीसीआई के पूर्व कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी हरियाणा का और वर्तमान बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आईसीसी के पूर्व अध्यक्ष शशांक मनोहर के बेटे अद्वैत मनोहर विदर्भ क्रिकेट संघ, आशीष शेलार को मुंबई क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि के रूप में नामित किये किये गये हैं। बीसीसीआई के चुनाव अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष की भूमिका के लिए होंगे. इन पदों पर चुनाव लड़ने के लिए 11 और 12 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल करना है।
What's Your Reaction?