सड़क किनारे छोटी-सी चाय की दुकान: सीएम से लेकर पीएम तक चख चुके हैं स्वाद
<p><em><strong>जयपुर में ये चाय की दुकान देखने में छोटी है पर इसकी प्रसिद्धि दूर-दूर तक है। सड़क किनारे चलने वाली इस दुकान की चाय का स्वाद पीएम मोदी, सीएम अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से लेकर कई सेलिब्रिटीज चख चुके हैं।</strong></em></p>
चाय की चुस्कियां लेना सबको पसंद है और अगर उसका स्वाद लाजवाब हो तो क्या ही कहने। जयपुर में चैड़ा रास्ता में स्थित साहू चाय वाले की चाय का स्वाद अनोखा है, जिसकी वजह से यहां रोज सुबह 5 बजे ही लोग दूर-दूर से चाय पीने आ जाते हैं। देर रात तक गपशप करते हुए लोग यहां चाय की चुस्की लेते रहते हैं।
1968 में शुरू हुई थी दुकान
खास बात ये कि यह दुकान साल के 365 दिन खुली रहती है। साहू चायवाले की दुकान 1968 में शुरू हुई थी। तब एक कप चाय की कीमत 20 पैसे थी। आज उसी एक कप चाय कीमत 20 रुपये कुल्लड़ में ग्राहकों को पिलाई जाती है। जयपुर घूमने आने वाला व्यक्ति इनकी चाय पिये बिना नहीं जाता है।
क्या खास है इस चाय में
साहू चाय की शुरुआत 1968 में लादूराम साहू ने की थी। तब उन्होंने चाय को अच्छे मसाले और शुद्ध दूध के साथ बनाना शुरू किया था। धीरे-धीरे लोगों की जुबां पर इनकी चाय का रस चढ़ने लगा और यहां पर चाय के लिए भीड़ लगना शुरू हो गई। इसके बाद इसी स्वाद को उनके बेटे लक्ष्मीनारायण साहू ने बरकरार रखा। अब उनके दोनों बेटे इंदर साहू और गिर्राज साहू भी उसी स्वाद के साथ चाय पिला रहे हैं।
पीएम से लेकर सीएम ने चखा स्वाद
साहूजी चाय वाले की दुकान कोई फाइव स्टार होटल नहीं है, बल्कि चैड़ा रास्ता में एक छोटी-सी दुकान है। पीएम नरेंद्र मोदी जब गुजरात में तीसरी बार सीएम बनने के बाद साहू समाज के एक कार्यक्रम में जयपुर आए थे, तब यहां की चाय का स्वाद उन्होंने लिया था। साथ ही, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से लेकर कई सेलिब्रिटीज ने भी इनकी चाय का स्वाद चखा है। धर्मेंद्र, संजय दत्त, हेमा मालिनी, माधुरी दीक्षित, डैनी और गोविंदा जैसे दिग्गज अभिनेता भी यहां की चाय पी चुके हैं।
365 दिन खुलती है यह दुकान
साहू जी चाय की दुकान जयपुर की चारदीवारी के चैड़ा रास्ता मार्केट में है। यहां आप सुबह 5 बजे उठकर आ जाइए और आपको चाय तैयार मिलेगी। पूरे साल भर हर मौसम, हर त्योहार पर आप यहां सुबह से लेकर रात तक कभी भी आइए साहू जी की चाय तैयार रहेगी। सुबह-सुबह गोविन्द देव मन्दिर में दर्शन करने के बाद भक्त यहां चाय पीकर जरूर जाते हैं।
What's Your Reaction?