क्रिकेट के पुराने सितारों का फिर दिखेगा जलवा, भारत में 16 सितंबर से एलसीएल का दूसरा संस्करण
NULL
क्रिकेट जगत के बीते दिनों के सितारे एक बार फिर जमीं पर अपना जलवा बिखेरते नजर आएंगे। लीजेंट्स क्रिकेट लीग (एलसीएल) का दूसरा संस्करण भारत में 16 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले दिन एक विशेष मैच खेला जाएगा और फिर 17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक भारत के छह शहरों टूर्नामेंट के मैच खेले जाएंगे।
लीजेंड्स क्रिकेट लीग के आयोजकों के अनुसार भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के अवसर पर भारत में यह टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। इस सीजन का पहला मैच स्पेशल होगा जो कोलकाता के ईडन गार्डंस पर खेला जाएगा। पहला स्पेशल मैच 16 सितंबर को इंडिया महाराजा और वर्ल्ड जाएंट्स के बीच खेला जाएगा।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया है कि एलसीएल के इस सीजन में 10 देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे। लीग की औरचारिक शुरुआत 17 सितंबर से होगी, जिसमें चार टीमें फ्रेंचाइजी फॉर्मेट में एक दूसरे से मुकाबला करेंगी। इस सीजन में कुल मिलाकर 15 मैच खेले जाएंगे। वहीं, लीजेंड्स लीग क्रिकेट के कमिश्नर रवि शास्त्री ने कहा, एक भारतीय के रूप में मुझे यह बताते हुए बेहद संतुष्टि हो रही है कि हमने इस साल की लीग को आजादी के अमृत महोत्सव को समर्पित करने का फैसला किया है। पिछले साल लीजेंड्स क्रिकेट लीग तीन टीमों के बीच खेला गया था। इनमें इंडिया महाराजा, वर्ल्ड जाएंट्स और एशिया लायंस शामिल हैं। तब कुल सात मैच खेले गए थे। वहीं, इस साल चार टीमें हिस्सा लेंगी। पिछले साल एशिया लायंस में पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी भी खेले थे। इस साल भी इस टूर्नामेंट में उनके भाग लेने की पूरी संभावना है।
स्पेशल मैच के लिए दोनों टीमें इस प्रकार होंगी। इंडिया महाराजा की टीम में सौरव गांगुली (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग, मोहम्मद कैफ, यूसुफ पठान, एस बद्रीनाथ, इरफान पठान, पार्थिव पटेल, स्टुअर्ट बिन्नी, एस श्रीसंत, हरभजन सिंह, नमन ओझा, अशोक डिंडा, प्रज्ञान ओझा, अजय जडेजा, आरपी सिंह और जोगिंदर शर्मा खेलेंगी। वहीं वर्ल्ड जाएंट्स की टीम में इयोन मॉर्गन (कप्तान), लेंडल सिमंस, हर्शल गिब्स, जैक्स कैलिस, सनथ जयसूर्या, मैट प्रायर, नाथन मैकुलम, जोंटी रोड्स, मुथैया मुरलीधरन, डेल स्टेन, हैमिल्टन मसाकाद्जा, मशरफे मुर्तजा, असगर अफगान, मिशेल जॉनसन, ब्रेट ली , केविन ओ'ब्रायन और दिनेश रामदीन शामिल हैं।
What's Your Reaction?