कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत अब भी नाजुक, दिल्ली के एम्स में हैं वेंटिलेटर पर
NULL
देश के सुप्रसिद्ध कॉमेडियन और अभिनेता राजू श्रीवास्तव की स्थित नाजुक बनी हुई है। दिल का दौरा पड़ने के कारण वे पिछले तीन दिनों से दिल्ली के एम्स में भर्ती हैं। डाक्टरों के मुताबिक उनके लिए अगले 24 घंटे काफी अहम हैं और वे फिलहाल वेंटिलेटर पर हैं। श्रीवास्तव के प्रशंसक उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार की रात करीब 10 बजे श्रीवास्तव की पत्नी से फोन पर बात कर राजू श्रीवास्तव का हाल जाना था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी राजू की सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एम्स के निदेशक से बात की और राजू की हालत के बारे में जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि राजू श्रीवास्तव कॉमेडी के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय हैं। वे भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं और उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के चेयरमैन हैं। नोएडा में फिल्म सिटी स्थापित करने में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से वे अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
राजू को दिल्ली के एक होटल में वर्कआउट करते समय दिल का दौरा पड़ गया था। वे अचानक ट्रेडमिल से गिर पड़े थे, जिसके बाद उन्हें तुरंत एम्स में भर्ती कराया गया था। तभी से उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। राजू का इलाज कर रहे कार्डियोलॉजिस्ट डॉ संदीप का कहना है कि दो दिनों में पहली बार आज उन्होंने खुद के अपने पैर मोड़े हैं जो कि एक सकारात्मक संकेत है। एम्स के हेल्थ बुलेटिन में भी राजू की स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए बताया गया कि राजू के हालत में तेजी से सुधार आ रहा है। उनके पीआरओ गर्विंत नारंग के मुताबिक कॉमेडियन का ब्रेन अभी भी काम नहीं कर रहा है। जिसकी वजह से उन्हें अभी भी वेंटिलेटर पर ही रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि दिल का दौरा पड़ने के बाद बुधवार को राजू श्रीवास्तव की तीसरी बार एंजियोप्लास्टी की गई है। करीब दस वर्ष साल पहले मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में पहली बार उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी। इसके बाद दूसरी बार सात साल पहले लीलावती अस्पताल में उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी।
What's Your Reaction?