विदेशी मुद्रा भंडार में कमी का दौर जारी, लगातार 9वें सप्ताह में कमी आई

विदेशी मुद्रा भंडार में कमी का दौर जारी, लगातार 9वें सप्ताह में कमी आई
08-10-2022 - 11:57 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

देश के विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) में बना गिरावट का दौर जारी है। यह लगातार नौवें हफ्ते भी कम ही हुआ। रिजर्व बैंक द्वारा 30 सितंबर, 2022 को समाप्त सप्ताह के दौरान यह 4.854 अरब डॉलर घटकर 532.664 अरब डॉलर रह गया।

शुक्रवार, 7 अक्टूबर को रिजर्व बैंक द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 23 सितंबर को खत्म हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 8.134 अरब डॉलर घटकर 537.518 अरब डॉलर रह गया था। इससे पहले यह 16 सितंबर, 2022 को समाप्त हुए हफ्ते में 5.219 अरब डॉलर घटकर 545.652 अरब डॉलर रह गया था। उल्लेखनीय है कि अक्टूबर, 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर अब तक के सर्वाधिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
आरबीआई ने बताया है कि 30 सितंबर को समाप्त हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में आई कमी का मुख्य कारण फॉरेन करेंसी एसेट यानी एफसीए (Foreign Currency Assets) में आई कमी रही। यह कुल मुद्रा भंडार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। रिजर्व बैंक ने कहा कि आलोच्य सप्ताह में भारत की एफसीए 4.406 अरब डॉलर घटकर 472.807 अरब डॉलर रह गईं। डॉलर में बताई जाने वाली एफसीए में विदेशी मुद्रा भंडार में रखी यूरो, पाउंड और येन जैसी अन्य विदेशी मुद्राओं के मूल्य में बढ़ोतरी या कमी का प्रभाव भी शामिल होता है।

इसके अलावा आलोच्य सप्ताह में गोल्ड रिजर्व यानी स्वर्ण भंडार का मूल्य 28.1 करोड़ डॉलर घटकर 37.605 अरब डॉलर रह गया। आलोच्य सप्ताह में इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (एमआईएफ) यानी अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष में देश का स्पेशल ड्राइंग राइट (एसडीआर) 16.7 करोड़ डॉलर की कमी के साथ 17.427 अरब डॉलर रह गया। आलोच्य सप्ताह में आईएमएफ के पास देश की रिजर्व पोजीशन 4.826 अरब अमेरिकी डॉलर पर स्थिर रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।