सलमान के घर पर गोली चलने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, घटना के बाद छिपे थे गुजरात में
<p>अभिनेता सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाले दो संदिग्धों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच के दौरान सलमान खान के घर पर हुए हमले से जुड़ी कई बातें सामने आईं।</p>
फिल्म अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास के सामने हवाई फायरिंग करने वाले दोनों आरोपितों को मंगलवार को मजिस्ट्रेट कोर्ट ने 10 दिनों तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने गुजरात के भुज इलाके में सोमवार को देर रात दोनों आरोपितों विक्की गुप्ता और सागर पाल को गिरफ्तार किया था। आज इन दोनों को पुलिस मुंबई लाई और जेजे अस्पताल में मेडिकल जांच करवाकर दोनों को मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया। कोर्ट में पुलिस ने इन दोनों की 14 दिनों के लिए पुलिस हिरासत की मांग की लेकिन कोर्ट ने सिर्फ 10 दिन तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इन दोनों से गहन छानबीन पुलिस की टीम कर रही है।
जांच के दौरान पता चला कि सलमान के घर पर हमला करने वाले हमलावर पनवेल में एक कमरे के साथ एक महीने से किराए पर रह रहे थे। इस बीच खुलासा हुआ है कि पनवेल में सलमान के फार्महाउस पर उनकी नजर बनी हुई है, जबकि बांद्रा स्थित उनके घर पर भी कई दिनों से नजर रखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने खुलासा किया कि हमलावरों ने पनवेल में एक व्यक्ति से 20,000 रुपये में सेकेंड हैंड बाइक खरीदी। जिस व्यक्ति से उन्होंने बाइक खरीदी थी, वह वाहन का मूल मालिक नहीं था। मामला तब सामने आया जब पुलिस ने मालिक और दलाल से पूछताछ की क्योंकि बाइक अभी भी मूल मालिक के नाम पर थी।
पुलिस आयुक्त ने पत्रकार वार्ता में बताया कि दोनों के पास से फिल्म अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर हवाई फायरिंग के लिए प्रयोग में लाई गई विदेशी पिस्तौल और मैगजीन बरामद कर ली है। दोनों की दस दिन तक पुलिस हिरासत मिली है। जांच के बाद जो जानकारी मिलेगी उसे मीडिया के साथ साझा किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने दोनों आरोपितों ने रविवार को सुबह हवाई फायरिंग की थी और उसके बाद गुजरात भाग गए थे।
इस बीच, सलमान के आवास के पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सलमान को वाई + श्रेणी की सुरक्षा भी दी जाएगी।
What's Your Reaction?