उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने खेतड़ी से हरी झण्डी दिखाकर विवेकानंद संदेश यात्रा को रवाना किया
<p><em><strong>राजस्थान के खेतड़ी से शनिवार, 19 नवंबर को विवेकानंद संदेश यात्रा को देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया । संदेश यात्रा 50 दिनों में राजस्थान के 33 जिलों में पहुंचेगी।</strong></em></p>
देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 19 नवंबर को राजस्थान के खेतड़ी में रामकृष्ण मिशन, अजीत विवेक संग्रहालय और विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी के तत्वावधान में आयोजित विवेकानंद संदेश यात्रा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर धनखड़ ने कहा कि खेतड़ी और विवेकानंद जी का गहरा संबंध है। यही वह स्थान है, जहां स्वामी जी को अपना नाम विवेकानंद मिला। उन्होंने कहा कि अमेरिका के शिकागो में आयोजित धर्मसभा में दिया गया उनका अविस्मरणीय भाषण आज भी हमारे कानों में गूंजता है। वहां पर जब उन्होंने, डीयर ब्रदर्स एंड सिस्टर्स ऑफ अमेरिका के संबोधन के साथ अपना भाषण शुरू कर दुनिया को भारतीय संस्कृति का संदेश दिया था।
धनखड़ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने दुनिया को भारतीय दर्शन सिखाय़ा और वसुधैव कटुंबकम का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत ही दुनिया अकेला ऐसा देश है जिसने कठिन से कठिन परिस्थितियों दुनिया को रास्ता दिखाया है। कोविड जैसी प्रतिकूल परिस्थिति में भारत ने अपने देश के लोगों के साथ-साथ दुनिया के लोगों को वैक्सीन के रूप में सहायता दी।
उल्लेखनीय है कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। उसी कड़ी में राजस्थान के युवाओं को स्वामी विवेकानंद विचारों के बारे में बताने के विचार से यह संदेश यात्रा शुरू की गई है। इस संदेश यात्रा के संयोजक डॉ स्वतंत्र शर्मा व अशोक सिंह शेखावत के अनुसार खेतड़ी से शुरू होने वाली विवेकानंद संदेश यात्रा पूरे राजस्थान प्रदेश में भ्रमण करेगी। संदेश यात्रा 50 दिन में प्रदेश के 7 संभागों के 33 जिलों में 75 स्थानों पर भ्रमण करते हुए जोधपुर पहुंचेगी, जहां भव्य यात्रा का समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी एक आध्यात्मिक प्रेरित सेवा संगठन है जो अखिल भारतीय स्तर पर अपनी 11 सौ से अधिक शाखाओं के माध्यम से विवेकानंद के सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयत्नशील है। विवेकानंद संदेश यात्रा के माध्यम से विभिन्न प्रकार की विचार संगोष्ठी, मैराथन दौड़, सूर्य नमस्कार, भौतिक कार्यशाला, क्विज प्रतियोगिता, पेंटिंग, नुक्कड़ नाटकों सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
What's Your Reaction?