शिकायत दर्ज नहीं की तो युवक ने थाने में खुद को आग लगाई
शिकायत दर्ज नहीं करने से नाराज एक युवक ने कोटा के नयापुरा थाने में गुरुवार, 15 सितंबर की रात पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने कंबल डालकर आग बुझाई और उसे एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया। राधेश्याम मीणा नाम का यह युवक 45 प्रतिशत तक झुलस गया है। नयापुरा क्षेत्र निवासी राधेश्याम ने 5 सितम्बर को वार्ड 66 के पार्षद हरिओम के खिलाफ थाने में शिकायत दी थी, उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। वह लगातार थाने के चक्कर काट रहा था। इससे परेशान होकर वह पेट्रोल लेकर थाने पहुंचा और खुद को आग लगा ली।
उधर, पुलिस का का कहना है कि राधेश्याम आग लगाने के बाद थाना परिसर में घुसा। फिलहाल पुलिस के अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। राधेश्याम के परिचित संजय सुमन ने बताया कि राधेश्याम का पार्षद हरिओम से वॉट्सऐप मैसेज को लेकर विवाद हुआ था। ग्रुप में एक मैसेज डालने से नाराज पार्षद और उसके लोगों ने राधेश्याम व उसकी पत्नी से मारपीट की थी। वह शिकायत लेकर थाने गया, तो पुलिस वालों ने उससे दुव्र्यवहार किया। उसे कई दिन से परेशान किया जा रहा था। देर रात राधेश्याम के परिजन ने एमबीएस हॉस्पिटल में हंगामा भी किया। उधर, पार्षद का कहना है कि राधेश्याम मानसिक रूप से बीमार है।
What's Your Reaction?