बलात्कार के आरोप से आहत युवक ने दी जान, घरवालों ने मचाया बवाल
जयपुर के निकट कोटपूतली के पनियाला थाना इलाके के सोमनाथ सिटी में मंगलवार, 13 सितंबर की रात विवाहित युवक ने बलात्कार के आरोप से आहत होकर बिजली के खम्भे पर फंदा लगा आत्महत्या कर ली। युवक के खिलाफ बानसूर थाने में 10 सितम्बर को अपहरण व बलात्कार का मामला दर्ज हुआ था।
मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट से उसकी पहचान राकेश (27) पुत्र धोलाराम निवासी पहाड़ी थाना बहरोड़ के रूप में हुई। उसने सुसाइड नोट में उसके खिलाफ अपहरण व बलात्कार का झूठा मामला दर्ज होने व प्रताडऩा से आहत होकर जान देने की बात लिखी है।
परिजनों ने नहीं उठाया शव
पनियाला पुलिस ने गुरुवार सुबह युवक को फंदे से नीचे उतारा व शव को बीडीएम अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। मृतक के परिजनों ने प्रताडि़त करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और शव नहीं उठाया। मोर्चरी के बाहर दोनों पक्ष के लोग जमा हो गए। पुलिस ने समझाइश की। मृतक के पिता धोलाराम ने प्रताडऩा का मामला दर्ज करवाया।
एफएसएल ने लिए साक्ष्य
पुलिस उप अधीक्षक डॉ. संध्या यादव ने बताया कि सुबह राजमार्ग पर सोमनाथ सिटी के खाली परिसर में एक युवक के बिजली के खम्भे पर फांसी लगाने की जानकारी मिली। पुलिस बल मौके पर पहुंचा और एफएसएल टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए।
परिजनों ने शव लेने से किया इनकार
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव लेने से इंकार कर दिया और मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया। दूसरे पक्ष के भी कई लोग वहां पहुंच गए। पुलिस ने समझाइश कर शांत किया। पनियाला थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के पिता धोलाराम ने पनियाला थाने में प्रताडऩा से आहत होकर आत्महत्या करने का मामला दर्ज कराया है।
What's Your Reaction?