जब कुछ छिपाने को नहीं है, तो शोर क्यों?.. मदरसों के सर्वे नकवी ने कही बड़ी बात
भारतीय जनता पार्टी का मुस्लिम चेहरा रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार, 16 सितंबर को कहा कि हमें सभी मदरसों पर शक नहीं करना चाहिए लेकिन सर्वेक्षण को लेकर बवाल करना खुद सवाल बन जाता है। नकवी ने सवाल किया कि जब कुछ छिपाने को नहीं है तो चिल्लाना क्यों?
नकवी ने कहा कि विदेशी आक्रमणकारियों की ‘गुनाहों की गठरी’ को भारतीय मुसलमानों के ‘सिर का बोझ’ नहीं बनाना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नकवी शुक्रवार को लखनऊ स्थित विश्वेश्वरैया हॉल में उत्तर प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर लोगों को संबोधित कर रहे थे।
भारत को बदनाम करने की कोशिश : नकवी
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कुछ लोग 'इस्लामोफोबिया' के झूठे और मनगढ़ंत तर्कों तथा दुष्प्रचार के जरिये भारत को बदनाम करने की कोशिश करते रहते हैं लेकिन ऐसी साजिश से सजग रहने की जरूरत है।
किया एमवाई फैक्टर का जिक्र
नकवी ने कहा कि भाजपा ने तुष्टिकरण के ‘सियासी छल’ को ‘समावेशी सशक्तिकरण’ के बल से ध्वस्त किया है। उन्होंने कहा कि इसी का प्रमाण है कि आज एमवाई (मोदी-योगी) फैक्टर मतलब समावेशी विकास और सशक्तिकरण है।
What's Your Reaction?