डकवर्थ लुइस नियम के सहारे भारत ने बांग्लादेश को 5 रनों से हराया, अगला मैच 6 नवंबर को जिम्बाबवे से
<p><strong><em>टी-20 विश्वकप में भारत ने आज, बेहद महत्वपूर्ण मुकाबले में बांग्लादेश की टीम को डकवर्थ लुइस नियम के तहत 5 रनों के अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल के लिए अपना टिकट लगभग पक्का कर लिया है..</em></strong></p>
समझा जा रहा है कि भारत अपने अगले मैच में अपेक्षाकृत कमजोर समझी जा रही जिम्बाबवे की टीम को हरा देगा। लेकिन, जिम्बाबवे टूर्नामेंट में पाकिस्तान को हरा चुका है और इसीलिए भारत इस मैच को हल्के में नहीं ले सकता है।
आज भारत ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पर्थ की अपेक्षा यहां की पिच धीमी थी। ओपनिंग जोड़ी में आज केएल राहुल चमके तो कप्तान रोहित शर्मा फ्लॉप रहे। पहले ही ओवर में तसकीन अहमद की गेंद पर उन्हें जीवनदान मिला लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा सके और सात गेंद में दो रन बनाकर आउट हो गए। केएल राहुल ने 31 गेंद में 50 रन बनाकर फॉर्म में वापसी की। कोहली ने दूसरे विकेट के लिए राहुल के साथ 67 और तीसरे विकेट के लिए सूर्यकुमार यादव के साथ 38 रन की साझेदारी की। आईसीसी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर एक पर काबिज हुए यादव ने 15 गेंद में 30 रन बनाए।
विराट कोहली का शानदार प्रदर्शन जारी रहा और उनके नाबाद अर्धशतक की मदद से भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ 6 विकेट पर 184 रन बनाए। कोहली ने 44 गेंद में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 64 रन जोड़े। दूसरी ओर हार्दिक पंड्या (05) , दिनेश कार्तिक (07) और अक्षर पटेल (07) कोई सहयोग नहीं दे सके। रविचंद्रन अश्विन ने छह गेंद में नाबाद 13 रन बनाये।
इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम ने 7 ओवरों में बिना विकेट खोये 66 रन बना लिये थे लेकिन तभी बारिश शुरु हो गई। डकवर्थ लुइस नियम के मुताबिक भारत पिछड़ता हुआ लग रहा था लेकिन जब मैच शुरू हुआ तो बांग्लादेश को 16 ओवरों में 151 रनों का लक्ष्य मिला।
मैच जब रुका तो लिटन दास 26 गेंद में 59 जबकि नजमुल हुसैन शंटो सात रन बनाकर खेल रहे थे। डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत बांग्लादेश 17 रन से आगे था यानी बांग्लादेश को शेष 9 ओवरों में जीत के लिए 85 रन बनाने थे। लेकिन, यहां से भारत ने मैच का पासा पलटते हुए मैच अपने नाम कर लिया। मैच शुरू होती है गेंद रविचंद्रन अश्विन को थमाई गई। ओवर की दूसरी गेंद पर तेजी से रन चुराने के चक्कर में खतरनाक दिख रहे लिटन दास केएल राहुल के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गए। उनके जाने के बाद मोहम्मद शमी ने शंटो को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट करा बांग्लादेश को तगड़ा झटका दिया।
बढ़ते दबाव के बीच 12वां ओवर अर्शदीप सिंह ने किया। उनकी पहली ही गेंद पर अफीफ हुसैन ने करारा शॉट खेला और गेंद बल्ले का ऐज लेकर लॉन्ग ऑन पर खड़ी हो गई। यहां मौजूद सूर्यकुमार यादव ने काफी ऊंची गेंद को लपकने में कोई गलती नहीं की। इसी ओवर की पांचवीं गेंद कप्तान शाकिब (13) भी बड़ा शॉट खेलने की गलती कर बैठे और फिर दीपक हुड्डा ने कैच लपकने मे कोई गलती नहीं की।
बांग्लादेश की पारी का 13वां ओवर करने आए हार्दिक पंड्या ने भी दबाव का भरपूर लाभ उठाया और 2 विकेट झटकते हुए मैच का रुख पलटने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर यासिर अली को एक रन के निजी स्कोर पर अर्शदीप के हाथों कैच आउट कराया तो 5वीं पर मोसाद्दक हुसैन (3) को बोल्ड कर दिया। इसके बाद बांग्लादेश पूरी तरह दबाव में आ गया। उसे आखिरी 12 गेंदों में 31 रन की जरूरत थी और 15वें ओवर में तस्कीन अहमद ने हार्दिक को चौका और छक्का लगाते हुए मैच में रोमांच लाने की कोशिश की लेकिन वे जीत दिलाने में नाकाम रहे।
बांग्लादेश को अंतिम ओवर में 20 रन बनाने थे और यह ओवर कर रहे थे अर्शदीप सिंह। नुरुल हसन ने अर्थदीप की दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच में रोमांच बढ़ाया। उन्होंने 5वीं गेंद पर चौका जड़ा तो जीत का अंतर 7 रन रह गया। अब उसे आखिरी गेंद पर जीत के लिए 7 रन चाहिए थे। अर्शदीप सिंह ने जबरदस्त बॉल की और नुरुल छक्का नहीं लगा सके। इस तरह मैच भारत की झोली में आ गया।
What's Your Reaction?