विश्वकप 2023ः भारत ने श्रीलंका को रिकॉर्ड 302 रनों से हराया, भारत के 357 रन के विशाल स्कोर के आगे श्रीलंका 55 रनों पर ढेर

<p><em>विश्वकप 2023 में भारत से&nbsp;मुकाबले में श्रीलंका एशिया कप में 10 विकेटों की हार के साये से उबर नहीं सका। आज 2 नवंबर को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गये मुकाबले में श्रीलंका एक बार फिर&nbsp;एशिया कप मुकाबले की कहानी&nbsp;दोहराता दिखाई दिया। &nbsp;एशिया कप में श्रीलंका 50 रनों पर सिमट कर रह&nbsp;गया था। इस बार विश्वकप में भारत</em><em>&nbsp;ने 50 ओवरों में श्रीलंका को 358 रन बनाने का लक्ष्य दिया था। लेकिन बुमराह, मुहम्मद सिराज&nbsp;और मोहम्मद शमी की गेंदबाजी के आगे श्रीलंका&nbsp;की टीम 55 रनों पर ही ऑल आउट हो गयी और भारत ने मुकाबला रिकॉर्ड&nbsp;302 रनों से जीत लिया।&nbsp; इस तरह भारतीय टीम विश्वकप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गयी।&nbsp;</em></p>

विश्वकप 2023ः भारत ने श्रीलंका को रिकॉर्ड  302 रनों से हराया, भारत के 357 रन के विशाल स्कोर के आगे श्रीलंका 55 रनों पर ढेर
02-11-2023 - 08:35 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी लेकिन उसका यह दांव शुरुआत में सही साबित होता दिखा जब भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को पारी की दूसरी ही गेंद पर दिलशान मदुशंका ने क्लीन बोल्ड कर दिया। वे चार रन ही बना सके थे। इसके बाद विराट कोहली ने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को एक बार फिर मदुशंका ने तोड़ा। उन्होंने शुभमन को नर्वस 90 में विकेटकीपर कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। शुभमन गिल 92 गेंद में 92 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद विराट भी शतक से चूक गए। उन्हें मदुशंका ने निसांका के हाथों कैच कराया। विराट ने 94 गेंद में 11 चौके की मदद से 88 रन की पारी खेली।

गिल और कोहली के बाद श्रेयस ने भी ठोकी फिफ्टी

इसके बाद श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने 46 गेंद में 60 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की। केएल राहुल 19 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें दुष्मंथा चमीरा ने आउट किया। सूर्यकुमार यादव कुछ खास नहीं कर सके। वह नौ गेंद में 12 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच श्रेयस ने वनडे करियर का 16वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 36 गेंद में पचास रन पूरे किए। श्रेयस को मदुशंका ने पवेलियन भेजा। वह 56 गेंद में तीन चौके और छह छक्के की मदद से 82 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद शमी दो रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रवींद्र जडेजा 24 गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 35 रन की पारी खेली। भारतीय पारी की आखिरी गेंद पर जडेजा रन आउट हुए। श्रीलंका की ओर से मदुशंका ने पांच विकेट लिये  जबकि चमीरा को एक विकेट मिला। इस तरह भारत ने 8 विकेट के नुकसान पर 357 रन बनाये।

श्रीलंका 55 रनों पर सिमटी

भारतीय गेंदबाजी के आगे श्रीलंका के बल्लेबाज कहीं टिक नहीं सके। जसप्रीत बुराह ने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर विकेट हासिल किया। विकेट झटकने के बाद ओवर में बुरराह ने दो रन दिये लेकिन ये दो रन वाइड बॉल से आये थे। इसके बाद दूसरे ओवर की पहली गेंद पर सिराज ने भी श्रीलंकाई बल्लेबाज को पेवेलियन की राह दिखा दी और इसी ओवर में सिराज दूसरा विकेट भी झटक लिया। श्रीलंका की ओर से  सबसे ज्यादा 14 रन कसून रजिता ने बनाये। उनके अलावा महीश तीक्ष्णा और एंजेलो मैथ्यूज ने 12-12 रन बनाये।  श्रीलंका के पांच बल्लेबाज शून्य के स्कोर पर आउट हए और उसके आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने पांच विकेट, मोहम्मद सिराज ने तीन और जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट हासिल किया।

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।