“भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा..” ट्रंप का दावा, बोले पीएम मोदी ने दिया आश्वासन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद करेगा। ट्रंप ने इसे रूस को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने की दिशा में एक “बड़ा कदम” बताया..
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद करेगा। ट्रंप ने इसे रूस को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने की दिशा में एक “बड़ा कदम” बताया।
ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि भारत “बहुत जल्द” रूस से तेल खरीदना रोक देगा। उन्होंने इसे “एक बड़ा कदम” (a big stop) करार दिया।
व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने कहा, “वो मेरे दोस्त हैं, हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध हैं... हम बहुत अच्छी तरह से साथ काम कर रहे हैं। लेकिन, हम खुश नहीं थे कि वे रूस से तेल खरीद रहे थे क्योंकि इससे रूस को उस बेहूदा युद्ध को जारी रखने में मदद मिल रही थी जिसमें उन्होंने करीब 15 लाख लोग खो दिए हैं।”
बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, रूस के लिए तेल और गैस सबसे बड़ी निर्यात आय का स्रोत हैं और उसके प्रमुख ग्राहक चीन, भारत और तुर्की रहे हैं।
ट्रंप ने आगे कहा, “मैं इस बात से खुश नहीं था कि भारत रूस से तेल खरीद रहा है। लेकिन (मोदी) ने आज मुझे भरोसा दिलाया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। यह बहुत बड़ा कदम है। अब हमें चीन से भी यही करवाना होगा।”
हालांकि, नई दिल्ली की ओर से इस दावे की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि भारत रूसी तेल आयात बंद करेगा।
रिपोर्टों के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन लंबे समय से भारत के रूसी तेल खरीद को लेकर दबाव बना रहा था, लेकिन मोदी सरकार ने अमेरिकी दबाव का विरोध किया। इसके चलते अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर अतिरिक्त 25% टैरिफ (आयात शुल्क) भी लगा दिया था।
ट्रंप प्रशासन अब चीन और अन्य व्यापारिक साझेदारों पर भी रूस से तेल आयात बंद करने के लिए दबाव डाल रहा है, ताकि मॉस्को की ऊर्जा आय को कम किया जा सके।
ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत तुरंत तेल आयात बंद नहीं कर सकता, लेकिन यह प्रक्रिया जल्दी पूरी हो जाएगी। ट्रंप ने कहा, “भारत तुरंत तेल आपूर्ति नहीं रोक सकता। यह थोड़ा-सा समय लेगा, लेकिन यह प्रक्रिया जल्द ही पूरी हो जाएगी।”
What's Your Reaction?