राउरकेला में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने किया भारत के सबसे बड़े हॉकी स्टेडियम का उद्घाटन
<p><em>ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने देश के सबसे बड़े हॉकी स्टेडियम बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का उद्घाटन किया। इसके उन्होंने साथ ही 13 जनवरी से शुरू होने वाले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 से पहले स्टेडियम के उद्घाटन की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने इस स्टेडियम को पूरे देश के लिए ओडिशा का उपहार बताया ।</em></p>
देश का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम
बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम को दुनिया में सबसे बड़ा माना जाता है। यहां तक कि एफआईएच के प्रमुख मोहम्मद तैयब इकराम ने यहां अपनी यात्रा के दौरान उल्लेख किया था कि 'यह दुनिया में सबसे बड़े स्टेडियम में से एक है।' मुख्य टर्फ के अलावा इसमें मुख्य स्टेडियम, फिटनेस सेंटर, हाइड्रोथेरेपी पूल, ड्रेसिंग और चेंजिंग रूम, कनेक्टिंग टनल और पांच सितारा आवास, 250 कमरे हैं जहां 400 खिलाड़ी रह सकते हैं। स्टेडियम में आने वालों के लिए प्रवेश और निकास के लिए छह द्वार हैं। इसके अलावा दो और चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था है।स्टेडियम की कुल क्षमता 21 हजार दर्शकों की है यह बीजू पटनायक प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (बीपीयूटी) के परिसर में 15 एकड़ भूमि में फैला हुआ है।
महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर है यह स्टेडियम
इस अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का नामकरण झारखंड के सपूत महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के नाम से किया गया है और इसको 146 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। स्टेडियम का निर्माण ओडिशा औद्योगिक अवसंरचना विकास निगम (आईडीसीओ) द्वारा किया गया था। फरवरी 2021 में ओडिशा के मुख्यमंत्री द्वारा स्टेडियम की आधारशिला रखी गई थी।
पहला मैच 13 जनवरी को भारत और स्पेन के बीच
पुरुष हॉकी विश्व कप का इस स्टेडियम में पहला मैच 13 जनवरी 2023 को मेजबान भारत और स्पेन के बीच शाम 7:00 बजे एवं 15 जनवरी को भारत और इंग्लैंड के साथ शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा। ओडिशा राज्य लगातार दूसरी बार पुरुष हॉकी विश्व कप की मेजबानी करेगा। इस तरह का पहला आयोजन 2018 में किया गया था। यह चौथी बार होगा जब भारत इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा।
What's Your Reaction?