‘थ्री डी पर चलती है गहलोत सरकार, पायलट तो उम्मीद छोड़ ही दें...’ भरतपुर में बहुत कुछ सुना गए शाह

<p><em><strong>भरतपुर में बूथ अध्यक्ष संकल्प महासम्मेलन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को जमकर घेरा।&nbsp;</strong></em></p>

‘थ्री डी पर चलती है गहलोत सरकार, पायलट तो उम्मीद छोड़ ही दें...’ भरतपुर में बहुत कुछ सुना गए शाह
16-04-2023 - 10:00 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

भरतपुर में बूथ अध्यक्ष संकल्प महासम्मेलन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि गहलोत ने राजस्थान को थ्री डी सरकार दी है। पहला डी यानि दंगे, दूसरा डी महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और तीसरा डी दलितों पर अत्याचार का है। यह थ्रीडी सरकार राजस्थान की जनता नहीं रहने देगी। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को राजस्थान की जनता ने सत्ता दे दी। अभी दोनों लोग सत्ता के लिए लड़ रहे हैं। गहलोत सीट से उतरना नहीं चाहते और पायलट को बैठने नहीं दे रहे। अरे भाई काहे को लड़ रहे हो राजस्थान में भाजपा की सरकार बन रही है। पायलट कोई भी बहाना करके धरने पर बैठ जाएं मगर आपका नंबर कभी नहीं लगेगा। कांग्रेस के खजाने में आपका कॉन्ट्रीब्यूशन कम है। गहलोत की भ्रष्ट सरकार ने राजस्थान को लूटने का काम किया है और यह लूटा हुआ पैसा कांग्रेस के खाते में गया है।
क्षेत्र के सभी देवी-देवताओं को नमन
उन्होंने कहा कि इन लोगों ने राजस्थान को लूटने का काम किया है। आजादी के बाद आई सबसे सरकारों में गहलोत सरकार सबसे भ्रष्ट सरकार है। गहलोत कान खोलकर सुन लो 2024 में राजस्थान की 25 की 25 सीटें भाजपा के खाते में जाएगी। इससे पहले शाह ने कैला देवी, मदन मोहनजी सहित भरतपुर संभाग के सभी देवी-देवताओं के साथ प्रदेश के सभी लोक देवताओं को नमन किया। 
महाराजा सूरजमल को किया याद
उन्होंने कहा कि भरतपुर में आया हूं। जिन्होंने देश को मुगल शासन से मुक्त कराया, उन महाराजा सूरजमल को प्रणाम करता हूं। उन्होंने ऐसे किले का निर्माण किया, जिसे मुगल नहीं जीत सके। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनियां, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चैधरी, अर्जुनराम मेघवाल सहित कई नेता मंच पर मौजूद रहे।
तुष्टिकरण में टॉप करने वाली सरकार
शाह ने गहलोत सरकार पर तुष्टिकरण के आरोप लगाए और कहा कि गहलोत सरकर तुष्टिकरण में टॉप करने वाली सरकार है। राजस्थान में सुनियोजित दंगे हो रहे हैं मगर वोट बैंक के चक्कर में कार्रवाई नहीं होती है। गहलोत शर्म करो। जो मर चुके है और जो बम ब्लास्ट के विक्टिम हैं, उनके लिए वोटबैंक की राजनीति कर रहे हो। आप क्या समझते हो कि राजस्थान की जनता सुनती नहीं है। जनता सुन रही है और आपके जाने का समय निश्चित हो गया है। यह सरकार जनता के मन से उसी दिन निकल गई, जिस दिन राम शोभायात्रा को रोक दिया और भगवा झंडे नहीं लगने दिए। तुष्टिकरण की पराकाष्ठा करके राजस्थान में हिंसा का तांडव करने का इनको अधिकार मिला है। जनता चुप नहीं रहेगी।
2023 में ट्रेलर दिखा दो, 2024 खुद-ब-खुद जीत जाएंगे
शाह ने आह्वान किया कि अगर मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है और 2023 में होने वाले राजस्थान के विधानसभा चुनाव में गहलोत को ट्रेलर दिखा दो। 2024 में खुद-ब-खुद सरकार बन जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवारवाद का विकास भी इस गहलोत सरकार ने किया है और जातिवाद को भड़काने का काम किया है।
कहीं भी चुनाव हो, भाजपा की जीत होगी
शाह ने कहा कि अभी-अभी राहुल बाबा ने यात्रा की। देशभर में पैदल चले, अच्छा किया। लेकिन इतनी बड़ी यात्रा करके आए और कांग्रेस के गढ़ नॉर्थ ईस्ट में कांग्रेस का सफाया हो गया। उन्होंने मोदी सरकार की योजनाओं की तारीफ की और कहा कि मोदी ने भारत की आकांक्षाओं को पूरा किया, भारत को सुरक्षित किया और गरीब कल्याण के सूत्र को चरितार्थ किया है। इसका परिणाम है कि चुनाव चाहे उत्तर में हो, दक्षिण या पूर्व कहीं भी हो विजय भाजपा की ही होगी।
क्या पेपर लीक का शतक लगाओगे
शाह ने अपने संबोधन में राजस्थान में पेपर लीक का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार में दो दर्जन से अधिक पेपर लीक हो चुके हैं। फिर भी गहलोत कह रहे हैं कि सरकार रिपीट करेंगे। क्या सेंचुरी लगानी है, जनता आपको मौका नहीं देगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।