शी जिनपिंग और जस्टिन ट्रूडो के बीच ‘नोक-झोंक’, वीडियो वायरल
<p><em><strong>दोनों नेताओं के बीच बातचीत का यह वीडियो सम्मेलन के आखिरी दिन का है।</strong></em></p>
इंडोनेशिया के शहर बाली में हुए जी-20 सम्मेलन में शामिल हुए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है जिसमें दोनों नेताओं के बीच नोक-झोंक होती दिख रही है। दोनों नेताओं के बीच बातचीत का यह वीडियो सम्मेलन के आखिरी दिन का है।
वीडियो में चीनी राष्ट्रपति शिकायती अंदाज में ट्रूडो से कुछ कहते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसे उनका अनुवादक कहता है, ‘हमारे बीच जो भी चर्चा हुई वो अखबारों में लीक हो गई। ये ठीक नहीं है... और बातचीत का ये कोई तरीका नहीं था। यदि आप सच्चे हैं, तो हमें एक-दूसरे के साथ सम्मानजनक तरीके से संवाद करना चाहिए, नहीं तो यह कहना मुश्किल होगा कि नतीजा क्या होगा।’
इसके बाद कनाडा के प्रधानमंत्री ट्रूडो आराम से जवाब देते हैं, ‘कनाडा में हम स्वतंत्र और खुली बातचीत में यकीन रखते हैं और हम ऐसा आगे भी जारी रखेंगे। हम सकारात्मक रूप से एक साथ काम करने की दिशा में बढ़ेंगे, लेकिन ऐसी भी कई चीजें होंगी जिन पर हम असहमत होंगे।’
ट्रूडो के इस जवाब के बाद दोनों नेताओं को हाथ मिलाकर अपनी-अपनी राह चलते हुए देखा जा सकता है। जाते-जाते चीन के राष्ट्रपति को कहते हुए सुना जा सकता है, ‘बहुत अच्छा लेकिन पहले ऐसी स्थितियां बनाएं।’
ट्रूडो ने मंगलवार को शी जिनपिंग से मुलाकात में कनाडा के चुनाव में चीनी दखल को लेकर अपनी चिंता जिनपिंग के सामने जाहिर की थी।
What's Your Reaction?