ट्रंप का टैरिफ तूफ़ान तेज़ — नवंबर 1 से अमेरिका में आने वाले ट्रकों पर लगेगा 25% शुल्क
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को घोषणा की कि 1 नवंबर 2025 से अन्य देशों से अमेरिका में आने वाले सभी मीडियम और हेवी-ड्यूटी ट्रकों पर 25 प्रतिशत टैरिफ (आयात शुल्क) लगाया जाएगा। यह कदम अमेरिकी कंपनियों को विदेशी प्रतिस्पर्धा से बचाने के उनके अभियान में एक बड़ा और आक्रामक कदम..
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को घोषणा की कि 1 नवंबर 2025 से अन्य देशों से अमेरिका में आने वाले सभी मीडियम और हेवी-ड्यूटी ट्रकों पर 25 प्रतिशत टैरिफ (आयात शुल्क) लगाया जाएगा। यह कदम अमेरिकी कंपनियों को विदेशी प्रतिस्पर्धा से बचाने के उनके अभियान में एक बड़ा और आक्रामक कदम माना जा रहा है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा,“1 नवंबर 2025 से अन्य देशों से अमेरिका में आने वाले सभी मीडियम और हेवी-ड्यूटी ट्रकों पर 25 प्रतिशत की दर से टैरिफ लगाया जाएगा।”
पिछले महीने ट्रंप ने यह संकेत दिया था कि 1 अक्टूबर से राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर ट्रक आयात पर नया शुल्क लगाया जाएगा। उन्होंने कहा था कि यह कदम अमेरिकी निर्माताओं को “अनुचित विदेशी प्रतिस्पर्धा” से बचाने और पीटरबिल्ट, केनवर्थ (पैकार के स्वामित्व वाली कंपनियाँ) तथा फ्रेटलाइनर (डेमलर ट्रक समूह की कंपनी) जैसी अमेरिकी कंपनियों को लाभ पहुँचाने के लिए उठाया जा रहा है।
अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर प्रभाव
यह नया शुल्क अमेरिकी अर्थव्यवस्था के एक महत्वपूर्ण क्षेत्र – ट्रकिंग उद्योग – को सीधे प्रभावित करेगा। अमेरिकन ट्रकिंग एसोसिएशन (ATA) के अनुसार, अमेरिका में कुल घरेलू माल का लगभग 73 प्रतिशत परिवहन ट्रकों के ज़रिए किया जाता है।
इस क्षेत्र में लगभग 20 लाख से अधिक लोग हेवी और ट्रैक्टर-ट्रेलर ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करते हैं, जबकि लाखों अन्य लोग मैकेनिक, सपोर्ट स्टाफ और सप्लाई चैन से जुड़ी नौकरियों में कार्यरत हैं।
सबसे ज़्यादा प्रभावित देश
नए 25 प्रतिशत टैरिफ से पाँच प्रमुख देश सबसे अधिक प्रभावित होंगे —
मेक्सिको, कनाडा, जापान, जर्मनी और फ़िनलैंड।
अमेरिका ने जापान और यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौतों में लाइट-ड्यूटी वाहनों पर 15 प्रतिशत शुल्क तय किया था, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि बड़े वाहनों पर भी वही दर लागू होगी या नहीं।
किन वाहनों पर लगेगा नया शुल्क
नया 25% टैरिफ विभिन्न बड़े वाहनों पर लागू होगा, जिनमें शामिल हैं..
- डिलीवरी ट्रक
- कचरा उठाने वाले ट्रक
- पब्लिक यूटिलिटी ट्रक
- स्कूल बसें
- ट्रांजिट और शटल बसें
- सेमी-ट्रक और हेवी-ड्यूटी व्यावसायिक वाहन
वहीं, यह नीति लाइट-ड्यूटी वाहनों पर लागू नहीं होगी, जिनमें अमेरिका निर्मित पार्ट्स के मूल्य को आयात शुल्क से घटाने की छूट दी जाती है।
व्यापारिक विवाद और असर
अमेरिकी चैंबर ऑफ कॉमर्स ने पहले ही कॉमर्स डिपार्टमेंट से अनुरोध किया था कि नए ट्रक टैरिफ न लगाए जाएँ क्योंकि प्रभावित देश मेक्सिको, कनाडा, जापान, जर्मनी और फ़िनलैंड अमेरिका के सहयोगी या नज़दीकी साझेदार हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए कोई खतरा नहीं पैदा करते।
मेक्सिको के लिए यह कदम सबसे बड़ा झटका साबित हो सकता है, क्योंकि वही मीडियम और हेवी-ड्यूटी ट्रकों का सबसे बड़ा निर्यातक है।
सरकारी आँकड़ों के मुताबिक, 2019 से अब तक अमेरिका को मेक्सिको से इन ट्रकों का आयात तीन गुना बढ़ गया है। अब यह 3.4 लाख (340,000) के करीब पहुँच चुका है।
वर्तमान USMCA व्यापार समझौते के तहत, यदि किसी हेवी ट्रक के 64% मूल्य का हिस्सा उत्तरी अमेरिका में (इंजन, एक्सल, कच्चा माल या असेंबली श्रम) निर्मित होता है, तो उस पर कोई टैरिफ नहीं लगता।
प्रमुख कंपनियों पर असर
- स्टेलैंटिस (क्राइसलर की मूल कंपनी) – जो मैक्सिको में हेवी-ड्यूटी रैम ट्रक और कमर्शियल वैन बनाती है, ने इन भारी शुल्कों का विरोध करते हुए व्हाइट हाउस से लॉबिंग की थी।
- स्वीडन की वोल्वो ग्रुप मैक्सिको के मॉन्टेरे में 700 मिलियन डॉलर की लागत से हेवी-ट्रक फैक्ट्री बना रही है, जो 2026 में चालू होगी।
- मेक्सिको में वर्तमान में 14 कंपनियाँ बसों, ट्रकों और ट्रैक्टर ट्रकों का निर्माण और असेंबली करती हैं।
मेक्सिको का रुख
मेक्सिको ने मई में अमेरिकी वाणिज्य विभाग को बताया था कि अमेरिका भेजे जाने वाले सभी मैक्सिकन ट्रकों में औसतन 50 प्रतिशत अमेरिकी पार्ट्स (जैसे डीज़ल इंजन) शामिल होते हैं।
पिछले वर्ष, अमेरिका ने मेक्सिको से लगभग 128 अरब डॉलर मूल्य के हेवी वाहन पार्ट्स आयात किए थे, जो अमेरिका के कुल आयात का लगभग 28 प्रतिशत हिस्सा था।
इस तरह, ट्रंप प्रशासन का यह नया 25 प्रतिशत टैरिफ निर्णय न केवल उत्तरी अमेरिकी व्यापार समझौते की भावना को झटका देता है बल्कि आने वाले महीनों में अमेरिका-मेक्सिको व्यापार संबंधों पर भी बड़ा असर डाल सकता है।
What's Your Reaction?