3 वर्गमीटर का पर्सनल स्पेस, टॉयलेट-वेंटिलेशन..! खास है नीरव मोदी के लिए आर्थर रोड जेल की बैरक नंबर-12
<p><em><strong>लंदन की वेस्टमिंस्टर कोर्ट ने फरवरी 2021 में नीरव मोदी के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दी थी। इसे उसने हाईकोर्ट में चुनौती दी, जहां उसकी अपील खारिज हो गई। </strong></em></p>
लंदन हाईकोर्ट ने नीरव मोदी के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है। हालांकि, अभी भी उसके भारत आने का रास्ता पूरी तरह साफ नहीं हुआ है क्योंकि अभी भी उसके पास सुप्रीम कोर्ट और फिर ह्यूमन राइट्स कोर्ट जाने का रास्ता बचा है। लंदन की वेस्टमिंस्टर कोर्ट ने फरवरी 2021 में नीरव मोदी के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दी थी। इसे उसने हाईकोर्ट में चुनौती दी, जहां उसकी अपील खारिज हो गई।
नीरव मोदी ने अपने मामा मेहुल चोकसी के साथ मिलकर पंजाब नेशनल बैंक को 14,500 करोड़ रुपये का चूना लगाया है। अकेले मोदी पर 6,805 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। पीएनबी घोटाला सामने आने से पहले ही जनवरी 2018 में नीरव मोदी भारत छोड़कर भाग गया था।
हाईकोर्ट ने कहा कि प्रत्यर्पण के बाद नीरव मोदी को मुंबई में आर्थर रोड जेल की बैरक नंबर-12 में रखा जाएगा, जो पूरी तरह सुरक्षित है और वहां उसकी लगातार निगरानी भी होगी ताकि उसके आत्महत्या की कोशिश करने का जोखिम भी कम हो।
कितनी खास है यह जेल?
- आर्थर रोड जेल को 1925 में अंग्रेजों ने बनवाया था। इस जेल का नाम सर जॉर्ज आर्थर के नाम पर रखा गया है, जो 1842 से 1846 तक बंबई (अब मुंबई) के गवर्नर रहे थे।
- 1970 में इस रोड का नाम बदलकर साने गुरुजी मार्ग कर दिया गया था। 1994 में जेल का नाम भी बदलकर मुंबई सेंट्रल प्रिजन रखा गया. फिर भी इसे आर्थर रोड जेल के नाम से ही जाना जाता है.
- आर्थर रोड जेल 2.83 एकड़ में फैली हुई है। इसमें एक बार में 800 कैदी रह सकते हैं।
- इस जेल में 2008 के मुंबई हमलों का दोषी आतंकी अजमल कसाब, अंडरवल्र्ड डॉन अबु सलेम, छोटा राजन समेत कई हाई प्रोफाइल कैदी रह चुके हैं।
- सरकार ने लंदन में कोर्ट को बताया था कि अगर विजय माल्या को भारत लाया जाता है, तो उसे भी बैरक नंबर-12 में ही रखा जाएगा। माल्या पर 9 हजार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।
नीरव के सेल में क्या होगा खास?
- महाराष्ट्र प्रिजन डिपार्टमेंट ने 2019 में वेस्टमिंस्टर कोर्ट में बैरक नंबर-12 के बारे में जानकारी दी थी। कोर्ट ने इस बैरक का वीडियो भी देखा था और उसके बाद ही नीरव मोदी के प्रत्यर्पण को मंजूरी दी थी।
- उस समय जेल अधिकारियों ने बताया था कि मोदी को बैरक नंबर-12 की जिस सेल में रखा जाएगा, वो हाई सिक्योरिटी वाली होगी। इस सेल में तीन से ज्यादा कैदी नहीं रहेंगे।
- बैरक नंबर-12 के जिस कमरे में नीरव मोदी को रखा जाएगा, वो 20 फीट लंबा और 15 फीट चैड़ा होगा। इसमें मोदी के लिए तीन वर्ग मीटर का पर्सनल स्पेस होगा।
नीरव मोदी को क्या-क्या सुविधा मिलेगी?
- बाकी कैदियों की तरह मोदी को एक चटाई, तकिया, चादर और कम्बल दिया जाएगा। उसे रोज पीने का साफ पानी, चौबीसों घंटे मेडिकल फैसिलिटी, टॉयलेट और वॉशिंग की सुविधा भी मिलेगी।
What's Your Reaction?