भारत में 5जी की शुरुआत, प्रधानमंत्री मोदी ने किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज एक नये तकनीकी युग की शुरुआत करते हुए नई दिल्ली के प्रगति मैदान में 5जी सेवाओं की शुरुआत की। प्रधानमंत्री मोदी ने छठी इंडिया मोबाइल कांग्रेस का भी उद्घाटन किया और इस अवसर पर आईएमसी प्रदर्शनी भी आयोजित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का शिखरसम्मेलन भले ही वैश्विक हो, किंतु इसके प्रभाव और निर्देश स्थानीय हैं। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के तेजी से विकसित हो रहे भारत के लिए आज का दिन विशेष है। प्रधानमंत्री ने कहा, “आज देश की ओर से, देश की टेलीकॉम इंडस्ट्री की ओर से, 130 करोड़ भारतवासियों को 5जी के तौर पर एक शानदार उपहार मिल रहा है। 5जी, देश के द्वार पर नए दौर की दस्तक है। 5जी, अवसरों के अनंत आकाश की शुरुआत है। मैं प्रत्येक भारतवासी को इसके लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।" उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि 5जी के इस लॉन्च और प्रौद्योगिकी की शुरुआत में, ग्रामीण क्षेत्र और कामगार समान भागीदार हैं।
5जी के शुभारंभ पर एक और संदेश पर जोर देते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा, "नया भारत, टेक्नॉलजी का सिर्फ कंज्यूमर बनकर नहीं रहेगा बल्कि भारत उस टेक्नॉलजी के विकास में, उसके इंप्लीमेंटेशन में एक्टिव भूमिका निभाएगा। भविष्य की वायरलेस टेक्नोलॉजी को डिजाइन करने में, उससे जुड़ी मैन्युफैक्चरिंग में भारत की बड़ी भूमिका होगी।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि 2जी, 3जी, 4जी के समय भारत टेक्नॉलजी के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहा। लेकिन 5जी के साथ भारत ने नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा, "5जी के साथ भारत पहली बार टेलीकॉम टेक्नॉलजी में ग्लोबल स्टैंडर्ड तय कर रहा है।”
इस ऐतिहासिक अवसर रिलायंस समूह के के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के विजन को प्रेरित करने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “सरकार के प्रत्येक कार्य और नीति को भारत को लक्ष्य की ओर ले जाने के लिए कुशलता से तैयार किया गया है। भारत के 5जी युग में तेजी से आगे बढ़ने के लिए उठाए गए कदम हमारे प्रधानमंत्री के दृढ़ संकल्प का सशक्त प्रमाण प्रस्तुत करते हैं।” उन्होंने शिक्षा, शिक्षा और जलवायु आदि जैसे प्रमुख क्षेत्रों में 5जी की संभावनाओं के बारे में बताया।
इस मौके पर भारती इंटरप्राइजेज के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने कहा कि 5जी का शुभारंभ एक नए युग की शुरुआत है और चूंकि यह आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान हो रहा है, इसलिए यह इसे और भी खास बनाता है। उन्होंने कहा,'प्रधानमंत्री के प्रयासों से देश में नई ऊर्जा का संचार होगा। हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पास प्रधानमंत्री के रूप में एक ऐसा नेता है,जो तकनीक को बहुत बारीकी से समझता है और देश के विकास के लिए बेजोड़ तरीके से उसका इस्तेमाल सुनिश्चित करता है।”
What's Your Reaction?