कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनावी मुकाबले में रह गये खड़गे और थरूर, त्रिपाठी का नामांकन रद्द
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मुकाबले में अब केवल दो ही शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे शेष रह गये हैं। झारखण्ड के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने भी इस पद के लिए नामांकन पत्र भरा था लेकिन उनका नामांकन रद्द हो गया है। इन तीनों नेताओं ने शुक्रवार, 30 सितंबर को नामांकन पत्र भरा था।
कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने कांग्रेस मुख्यालय में बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 20 फॉर्म मिले तथा उनमें से 4 को खारिज कर दिया गया है। जो चार नामांकन खारिज किये गये, उनमें से एक फॉर्म त्रिपाठी का था। उल्लेखनीय है कि खड़गे ने 14, शशि थरूर ने 5 और त्रिपाठी ने एक फॉर्म भरा था। मिस्त्री ने बताया कि त्रिपाठी के एक प्रस्तावक के हस्ताक्षर का मिलान नहीं हुआ और एक अन्य प्रस्तावक के हस्ताक्षर में दोहराव था।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है और गांधी परिवार के किसी भी सदस्य ने इस पद पर रहने से मना कर दिया है। इसके बाद चुनाव की स्थिति बनी है। समझा जा रहा था कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस बार अध्यक्ष बनेंगे लेकिन राजस्थान में जो नाटकीय राजनीतिक घटनाक्रम हुआ, उसके बाद उन्होंने अपना नाम इस की दौड़ से वापस ले लिया। नामांकन पत्र भरने की अंतिम तारीख 30 सितंबर थी। अब दो कांग्रेसी दिग्गज नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच चुनावी मुकाबला होगा।
What's Your Reaction?