जयपुर के निकट खोह नागोरियान में भीषण अग्निकांड ने चार लोगों की जान लील ली..!

जयपुर में जगतपुरा के निकट खोह नागोरियान क्षेत्र मंगलवार सुबह जबर्दस्त भीषण अग्निकांड की खबर मिली। यहां के रिहायशी इलाके में चल रहे एक अवैध पटाखा गोदाम में आग लगने से चंद मिनटों में ही चार लोगों की जान चली गयी। इनमें एक बच्चा भी शामिल..

जयपुर के निकट खोह नागोरियान में भीषण अग्निकांड ने चार लोगों की जान लील ली..!
10-06-2026 - 10:36 AM

जयपुर में जगतपुरा के निकट खोह नागोरियान क्षेत्र मंगलवार सुबह जबर्दस्त भीषण अग्निकांड की खबर मिली। यहां के रिहायशी इलाके में चल रहे एक अवैध पटाखा गोदाम में आग लगने से चंद मिनटों में ही चार लोगों की जान चली गयी। इनमें एक बच्चा भी शामिल है। आग इतनी की भयानक थी कि कई लोग इसके लपेटे में आने से जलकर गंभीर रूप से घायल गये और वे सड़क पर तड़पते हुए और सहायता की प्रतीक्षा करते रहे। इस हादसे ने एक बार फिर अवैध गोदामों, प्रशासनिक लापरवाही और मानव जीवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खोह नागोरियान के आयशा नगर तलाई क्षेत्र स्थित पटाखों के गोदाम में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अचानक आग ने चंद मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में अब्दुल वाहिद समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। आग की लपटों और धमाकों के बीच कई लोग बाहर निकलने का प्रयास करते रहे लेकिन कुछ को बचने का मौका नहीं मिल सका।

हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों और स्थानीय लोगों की आंखों के सामने अपनों को खोने का दर्द साफ दिखाई दे रहा था।

सड़क पर तड़पते रहे घायल, कई लोग सिर्फ देखते रहे

हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि आग से झुलसे कई लोग बाहर निकलने के बाद सड़क पर तड़पते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि लोग मदद करने से भी डर रहे थे।

स्थानीय निवासी हाशिम अंसारी ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को बचाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे और टैंकर के पाइप की मदद से अंदर जाने की कोशिश की।

हाशिम ने बताया कि उन्होंने तीन से चार लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण बाकी लोगों को नहीं बचाया जा सका। लोगों को बचाने के दौरान उनके कपड़े जल गए और उनका पैर भी झुलस गया।

चार मजदूर गंभीर रूप से झुलसे, अस्पताल में जिंदगी की जंग जारी

अग्निकांड में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में आजीम खान (18), नासिर खान (20), समीर खान (20) और बिलाल (22) शामिल हैं। सभी खोह नागोरियान के रहीम नगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

एसएमएस अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. आर.के. जैन के अनुसार समीर और नासिर करीब 95 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं। बिलाल 75 प्रतिशत और आदिब 65 प्रतिशत तक जल गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनका उपचार कर रही है लेकिन उनकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।

रिहायशी इलाके में अवैध गोदाम पर उठे सवाल, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की तैयारी

हादसे के बाद यह खुलासा हुआ कि जिस स्थान पर आग लगी, वह रिहायशी इलाके में संचालित एक अवैध पटाखा गोदाम था।

जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पटाखों का स्टोरेज गोदाम प्रतीत होता है, जबकि इसकी फैक्ट्री कहीं और स्थित है। उन्होंने कहा कि विस्तृत जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि रिहायशी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित गोदाम के मालिक, मकान मालिक और यदि किसी स्तर पर प्रशासनिक या पुलिस लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

विधायक ने उठाए तीखे सवाल, प्रशासनिक विफलता पर घिरा तंत्र

घटना के बाद स्थानीय विधायक अमीन कागजी ने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके में बारूद और पटाखों का गोदाम संचालित हो रहा था, तो क्या इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासन को नहीं थी? यदि जानकारी थी तो कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

कागजी ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले चाहे किसी भी राज्य के हों, उनका जीवन उतना ही मूल्यवान है। उन्होंने इसे प्रशासनिक विफलता बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।