बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के मुस्ताफिजुर रहमान को टीम से रिलीज किया
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेश के तेज़ गेंदबाज़ मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 सत्र के लिए अपनी टीम से रिलीज कर दिया है। फ्रेंचाइज़ी ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश के बाद लिया गया..
कोलकाता। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेश के तेज़ गेंदबाज़ मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 सत्र के लिए अपनी टीम से रिलीज कर दिया है। फ्रेंचाइज़ी ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश के बाद लिया गया है।
केकेआर ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “कोलकाता नाइट राइडर्स इस बात की पुष्टि करता है कि आईपीएल के नियामक के रूप में बीसीसीआई/आईपीएल ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग सत्र से पहले मुस्ताफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है।”
बयान में आगे कहा गया, “बीसीसीआई के निर्देश के अनुसार सभी औपचारिक प्रक्रियाओं और परामर्श के बाद यह रिलीज की गई है। आईपीएल नियमों के तहत बीसीसीआई कोलकाता नाइट राइडर्स को एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी लेने की अनुमति देगा, जिसकी जानकारी उचित समय पर दी जाएगी।”
बीसीसीआई का यह निर्देश ऐसे समय पर आया है, जब बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की खबरों के बाद क्षेत्र में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। हालांकि, बीसीसीआई ने मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने के पीछे कोई स्पष्ट कारण आधिकारिक तौर पर नहीं बताया है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शनिवार सुबह कहा, “हाल ही में चारों ओर जो घटनाक्रम चल रहा है, उसे देखते हुए बीसीसीआई ने फ्रेंचाइज़ी केकेआर को अपने एक खिलाड़ी, बांग्लादेश के मुस्ताफिजुर रहमान, को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है। बीसीसीआई ने यह भी कहा है कि यदि केकेआर किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की मांग करता है, तो उसे इसकी अनुमति दी जाएगी।”
बीसीसीआई के इस बयान के कुछ ही घंटों के भीतर केकेआर ने मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने की घोषणा कर दी।
गौरतलब है कि मुस्ताफिजुर रहमान ने वर्ष 2015 में भारत के खिलाफ ही अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। उन्हें पिछले दिसंबर में हुई आईपीएल नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह आईपीएल 2026 के लिए चुने गए इकलौते बांग्लादेशी खिलाड़ी थे।
केकेआर का बांग्लादेशी खिलाड़ियों के साथ पुराना नाता रहा है। इससे पहले मशरफे मोर्तजा से लेकर शाकिब अल हसन जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी इस फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा रह चुके हैं।
यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब एक दिन पहले ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने घोषणा की थी कि भारत इस साल बांग्लादेश का दौरा करेगा, जिसमें तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की व्हाइट-बॉल सीरीज़ खेली जाएगी। इसके अलावा, बांग्लादेश की टीम फरवरी–मार्च में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए भी भारत आने वाली है।
What's Your Reaction?