बीजेपी इस तारीख तक चुनेगी नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, जानिए पूरी प्रक्रिया और विवरण

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय बोर्ड ने पहले ही बिहार के कैबिनेट मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। अब रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किए जाने की औपचारिक घोषणा 20 जनवरी तक होने की संभावना..

बीजेपी इस तारीख तक चुनेगी नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, जानिए पूरी प्रक्रिया और विवरण
28-12-2025 - 12:06 PM

नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय बोर्ड ने पहले ही बिहार के कैबिनेट मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। अब रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किए जाने की औपचारिक घोषणा 20 जनवरी तक होने की संभावना है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, देशभर के भाजपा शासित राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों को 15 जनवरी के बाद दिल्ली बुलाए जाने की संभावना है ताकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

सूत्रों के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 18 जनवरी से 20 जनवरी के बीच पूरी होने की उम्मीद है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव

भाजपा शासित राज्यों में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया आधे से अधिक राज्यों में पूरी हो चुकी है। 37 में से 29 राज्यों में आंतरिक चुनाव पूरे कर लिए गए हैं। इन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के समर्थन में नामांकन पत्रों का एक सेट दाखिल करेंगे। इसके अलावा, भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य भी उनके समर्थन में एक अलग सेट के नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

एएनआई सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन के समर्थन में दाखिल किए जाने वाले नामांकन पत्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हस्ताक्षर भी होंगे। भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों को इस अवसर पर दिल्ली में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

नितिन नवीन का राजनीतिक सफर

नितिन नवीन बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री हैं और पांच बार विधायक रह चुके हैं। वे वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं। बिहार सरकार में वे पथ निर्माण विभाग के अलावा शहरी विकास एवं आवास विभाग और विधि विभाग का दायित्व भी संभाल चुके हैं।

भाजपा संगठन में नितिन नवीन ने 2008 में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और युवा मोर्चा के सह-प्रभारी के रूप में कार्य किया। वर्ष 2010 से 2013 तक वे भाजयुमो के राष्ट्रीय महामंत्री रहे।

2016 से 2019 के बीच उन्होंने बिहार में भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष का पद संभाला और 2019 में सिक्किम में भाजपा के चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी निभाई।

जून 2019 में उन्हें सिक्किम राज्य भाजपा संगठन का प्रभारी बनाया गया।

नितिन नवीन का कार्यकाल राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जनवरी 2026 से जनवरी 2029 तक रहेगा। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2029 में होने हैं, ऐसे में उनके कार्यकाल को 2029 के बाद भी बढ़ाया जा सकता है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।