काबुल में चीनी नागरिकों को निशाना बनाकर धमाका, कई लोगों की मौत

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के शाहर-ए-नव इलाके में सोमवार को एक होटल में हुए धमाके से हड़कंप मच गया। टोलो न्यूज़ ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि इस हमले का निशाना विशेष रूप से चीनी नागरिक थे। इस विस्फोट में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल..

काबुल में चीनी नागरिकों को निशाना बनाकर धमाका, कई लोगों की मौत
20-01-2026 - 08:26 AM

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के शाहर-ए-नव इलाके में सोमवार को एक होटल में हुए धमाके से हड़कंप मच गया। टोलो न्यूज़ ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि इस हमले का निशाना विशेष रूप से चीनी नागरिक थे। इस विस्फोट में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

इस घटना की पुष्टि काबुल सुरक्षा कमान के प्रवक्ता खालिद जदरान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए की। उन्होंने कहा, “काबुल शहर के चौथे जिले के शाहर-ए-नव फ्लावर स्ट्रीट क्षेत्र में स्थित एक होटल में विस्फोट हुआ है, जिसमें जान-माल का नुकसान हुआ है।”

टोलो न्यूज़ के अनुसार, अब तक हताहतों की सटीक संख्या का खुलासा नहीं किया गया है। विस्फोट के कारण और उसकी प्रकृति को लेकर भी अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। खालिद जदरान ने बताया कि इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है उन्होंने कहा, “जांच टीमें विस्फोट की प्रकृति की पड़ताल कर रही हैं और इसके विवरण बाद में मीडिया के साथ साझा किए जाएंगे।”

बम हमले की आशंका

समाचार एजेंसी शिन्हुआ से बात करते हुए एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि यह घटना बम हमला होने की आशंका है। स्थानीय टीवी चैनल टोलो न्यूज़ द्वारा प्रसारित फुटेज में कार की विंडस्क्रीन के जरिए फिल्माए गए दृश्य दिखाई दिए, जिनमें सड़क पर लोग नजर आ रहे हैं और पीछे धुआं व धूल का गुबार उठता दिख रहा है।

धमाके के पास स्थित एक रेस्तरां भी इसकी चपेट में आ गया, जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में होटल के बाहर सड़क पर मलबा बिखरा हुआ दिखाई देता है और होटल की इमारत के सामने एक बड़ा गड्ढा नजर आ रहा है, जिससे धुआं निकल रहा है।

अफगानिस्तान में मानवीय सहायता संगठन EMERGENCY के कंट्री डायरेक्टर डेजन पैनिक ने रॉयटर्स को दिए बयान में कहा, “अब तक हमारे अस्पताल में 20 लोगों को लाया गया है। घायलों में चार महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। दुर्भाग्य से, सात लोगों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित किया गया।”

फिलहाल विस्फोट के कारण को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि शाहर-ए-नव इलाका विदेशी नागरिकों का प्रमुख ठिकाना माना जाता है और इसे काबुल के सबसे सुरक्षित इलाकों में से एक माना जाता है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।