जम्मू-कश्मीर के कठुआ ज़िले के दूरदराज़ गाँव में बादल फटा; 4 की मौत, कई घायल

कठुआ ज़िले के राजबाग क्षेत्र के जोध घाटी गाँव में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात भारी बारिश के बीच बादल फट गया। अधिकारियों ने बताया कि अचानक आई बाढ़ से क्षेत्र पूरी तरह कट गया, जिससे बचाव और राहत कार्यों में बाधा..

जम्मू-कश्मीर के कठुआ ज़िले के दूरदराज़ गाँव में बादल फटा; 4 की मौत, कई घायल
17-08-2025 - 12:33 PM
22-04-2026 - 05:53 PM

श्रीनगर। कठुआ ज़िले के राजबाग क्षेत्र के जोध घाटी गाँव में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात भारी बारिश के बीच बादल फट गया। अधिकारियों ने बताया कि अचानक आई बाढ़ से क्षेत्र पूरी तरह कट गया, जिससे बचाव और राहत कार्यों में बाधा आ रही है। शुरुआती रिपोर्टों में हताहतों की आशंका जताई गई थी।

रविवार को अधिकारियों ने पुष्टि की कि इस घटना में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। बादल फटने से गाँव का संपर्क टूट गया और ज़मीन व संपत्ति को भी नुकसान पहुँचा।

पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की संयुक्त टीम, स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत व बचाव कार्य में जुट गई। अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं और छह घायलों को अस्पताल भेजा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि कठुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बगरद और चंगड़ा गाँव, तथा लखनपुर थाना क्षेत्र के दिलवान-हुटली इलाकों में भी भूस्खलन हुआ है, हालांकि वहाँ से किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।

भारी बारिश से अधिकतर नदियों व नालों का जलस्तर बढ़ गया है और उज्ह नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह की प्रतिक्रिया

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि कठुआ ज़िले में चार लोगों की मौत के बाद नागरिक प्रशासन, सेना और अर्धसैनिक बलों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

उन्होंने एक्स (X) पर लिखा, जंगलोट क्षेत्र में बादल फटने की सूचना मिलने के बाद कठुआ के एसएसपी शोभित सक्सेना से बात की। अब तक चार मौतों की पुष्टि हुई है। इसके अलावा रेलवे ट्रैक, राष्ट्रीय राजमार्ग और कठुआ पुलिस स्टेशन को भी नुकसान हुआ है। स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ।”

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का बयान

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रशासन को राहत, बचाव और निकासी उपाय तेज़ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कठुआ ज़िले में जोध खड्ड और जुथाना समेत कई हिस्सों में भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं में चार मौतों और कई लोगों के घायल होने पर गहरा शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स (X) पर लिखा, मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है, घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है और सभी आवश्यक मदद का आश्वासन दिया है।”

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।