जयपुर के निकट बगरू के होटल में रेव पार्टी पर पुलिस का छापा, 50 गिरफ्तार
शहर पुलिस ने शनिवार तड़के बगरू के हिम्मतपुरा इलाके में स्थित एक होटल में चल रही कथित शराब रेव पार्टी पर छापा मारते हुए 50 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल हैं..
जयपुर। शहर पुलिस ने शनिवार तड़के बगरू के हिम्मतपुरा इलाके में स्थित एक होटल में चल रही कथित शराब रेव पार्टी पर छापा मारते हुए 50 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने 'केलम अथर्वा पैलेस एंड रेस्टोरेंट' में छापा मारा, जहां बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई। होटल संचालक को बिना लाइसेंस के शराब परोसने के आरोप में हिरासत में लिया गया।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित कुमार ने बताया कि पुलिस को रेव पार्टी की गुप्त सूचना मिली थी। पहले सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजकर सूचना की पुष्टि कराई गई। सूचना सही पाए जाने पर बगरू और बिंदायका थानों से अतिरिक्त पुलिस टीमें दोपहर लगभग 2 बजे भेजी गईं।
पुलिस जब होटल में पहुंची तो वहां दर्जनों युवक और युवतियां भारी नशे की हालत में तेज आवाज में बज रहे डीजे संगीत पर झूमते पाए गए। पुलिस के पहुंचने के समय भी तेज संगीत बज रहा था। कई लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें तुरंत रोक लिया। होटल संचालक को बुलाकर शराब परोसने के वैध आबकारी दस्तावेज दिखाने को कहा गया, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बगरू थाना प्रभारी (सीआई) मोतीलाल ने बताया कि युवक-युवतियां नशे की हालत में डांस कर रहे थे। पुलिस ने डीजे को बंद कराकर भीड़ को तितर-बितर किया। कुल मिलाकर 40 पुरुषों और 10 महिलाओं को हिरासत में लेकर बिंदायका थाने ले जाया गया।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, पकड़े गए लोगों में कुछ जयपुर के रहने वाले थे, जबकि कुछ आसपास के शहरों से आए थे। पार्टी के आयोजन के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से निमंत्रण भेजे गए थे।
पुलिस छापे के बाद पुरुषों पर BNSS की धारा 170 और महिलाओं पर BNSS की धारा 172 के तहत मामला दर्ज किया गया। होटल प्रबंधक के खिलाफ बिना लाइसेंस के शराब परोसने के आरोप में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
हालांकि, फिलहाल पार्टी में नशे के अन्य पदार्थों के उपयोग की कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले की जांच जारी है। अधिकतर पुरुषों और महिलाओं को गिरफ्तार करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया, जबकि होटल प्रबंधक को हिरासत में रखा गया है और उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
What's Your Reaction?