"सम्मानजनक विदाई का हक़दार था पुजारा": शशि थरूर की भावुक पोस्ट
भारतीय टेस्ट क्रिकेट के धुरंधर बल्लेबाज़ चेतेश्वर पुजारा ने आज संन्यास की घोषणा कर दी। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि पुजारा एक "सम्मानजनक विदाई" के हक़दार..
नयी दिल्ली। भारतीय टेस्ट क्रिकेट के धुरंधर बल्लेबाज़ चेतेश्वर पुजारा ने आज संन्यास की घोषणा कर दी। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि पुजारा एक "सम्मानजनक विदाई" के हक़दार थे।
थरूर ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, "चेतेश्वर पुजारा के संन्यास पर मुझे अफ़सोस है। भले ही हाल के चयन में उन्हें लगातार नज़रअंदाज़ किया गया और यह तय था कि अब टीम इंडिया आगे बढ़ेगी, लेकिन इसके बावजूद वह थोड़ी और देर तक मैदान पर रह सकते थे और अपने शानदार टेस्ट करियर के अनुरूप उन्हें गरिमापूर्ण विदाई मिलनी चाहिए थी।"
उन्होंने आगे लिखा, "जब उन्हें टीम से बाहर किया गया, तो उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और घरेलू क्रिकेट में लौटकर शानदार पारियां खेलीं। लेकिन चयनकर्ताओं ने फैसला कर लिया था कि अब आगे बढ़ना है। ऐसे में पुजारा का संन्यास लेना समझा जा सकता है।"
I can’t help feeling a pang of regret at the retirement of @cheteshwar1. Even if it was inevitable after his recent string of exclusions from the Indian team, and even if he has nothing left to prove, he deserved a little longer in the saddle and a dignified farewell worthy of… pic.twitter.com/sOwotYcjH8 — Shashi Tharoor (@ShashiTharoor) August 24, 2025
थरूर ने पुजारा की पत्नी पुजा पुजारा की किताब 'द डायरी ऑफ ए क्रिकेटर्स वाइफ: ए वेरी अनयूज़ुअल मेमोयर' का ज़िक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सोचना शुरू किया कि पुजारा ने जितना हासिल किया, उसके लिए कितना कुछ सहना पड़ता है।
थरूर ने याद किया, "20 साल पहले इंग्लैंड दौरे पर 'इंडिया-ए' टीम के साथ खेलते हुए उन्होंने मेरा ध्यान खींचा था। उनकी निरंतरता ने दिखा दिया था कि वे अगले स्तर के लिए तैयार हैं। चयनकर्ताओं ने भरोसा जताया, और उन्होंने डेब्यू की दूसरी पारी में 72 रन की शानदार पारी खेली। शुरुआती कुछ झटकों के बावजूद वह जल्द ही भारत के 'मिस्टर रिलायबल' बन गए। ऑस्ट्रेलिया के पिछले दौरे पर उनकी अनुपस्थिति बहुत खली थी।"
थरूर ने संदेश का अंत इन शब्दों के साथ किया, "ऑल द बेस्ट, चेतेश्वर पुजारा! भारतीय क्रिकेट को सालों तक दी गई तुम्हारी सेवाओं के लिए धन्यवाद।"
पुजारा का भावुक संदेश
चेतेश्वर पुजारा ने 2023 में अपना आखिरी टेस्ट खेला था। तब से चयनकर्ताओं ने युवा खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी। मैदान पर अपनी जुझारू शैली के लिए मशहूर पुजारा ने संन्यास की घोषणा भावुक अंदाज़ में की।
उन्होंने लिखा, "राजकोट जैसे छोटे शहर का एक बच्चा जब अपने माता-पिता के साथ सितारों को छूने का सपना लेकर निकला था, तब यह नहीं जानता था कि क्रिकेट उसे इतना कुछ देगा – अनमोल अवसर, अनुभव, मकसद, प्यार और सबसे बढ़कर भारत और अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने का गौरव।"
उन्होंने कहा, "भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना और मैदान पर हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ देना – इसे शब्दों में बयान करना असंभव है। लेकिन कहते हैं कि हर अच्छी चीज़ का अंत होता है। इसी कृतज्ञता के साथ मैंने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया है।"
पुजारा ने बीसीसीआई और सौराष्ट्र क्रिकेट संघ का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा सहयोग और अवसर दिए। उन्होंने उन सभी टीमों, फ्रेंचाइज़ी और काउंटियों का भी आभार जताया जिनका वह हिस्सा रहे। अंत में उन्होंने अपने गुरुओं, कोचों, साथियों और सपोर्ट स्टाफ को भी धन्यवाद दिया।
What's Your Reaction?