केरल के एक स्कूल में हिजाब विवाद: हाईकोर्ट ने स्कूल को दी पुलिस सुरक्षा

केरल हाईकोर्ट ने सोमवार को कोच्चि स्थित एक सीबीएसई-मान्यता प्राप्त स्कूल को पुलिस सुरक्षा प्रदान करने का आदेश दिया है। यह कदम उस विवाद के बाद उठाया गया है जिसमें एक छात्रा को हिजाब पहनने की अनुमति देने की मांग को लेकर हंगामा..

केरल के एक स्कूल में हिजाब विवाद: हाईकोर्ट ने स्कूल को दी पुलिस सुरक्षा
14-10-2025 - 11:18 AM

तिरुअनंतपुरम। केरल हाईकोर्ट ने सोमवार को कोच्चि स्थित एक सीबीएसई-मान्यता प्राप्त स्कूल को पुलिस सुरक्षा प्रदान करने का आदेश दिया है। यह कदम उस विवाद के बाद उठाया गया है जिसमें एक छात्रा को हिजाब पहनने की अनुमति देने की मांग को लेकर हंगामा हुआ था।

पिछले शुक्रवार को कुछ लोग कोच्चि के पल्लुरुथी क्षेत्र स्थित सेंट रीटा पब्लिक स्कूल में घुस गए थे और छात्रा को हिजाब पहनने की अनुमति देने की मांग की थी। हालांकि, स्कूल की पैरेंट-टीचर एसोसिएशन (PTA) ने कहा कि यह मांग स्कूल की यूनिफॉर्म नीति के खिलाफ है।

स्कूल प्रबंधन ने सोमवार को हाईकोर्ट का रुख करते हुए पुलिस सुरक्षा की मांग की। संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति से बचने के लिए स्कूल ने दो दिनों की छुट्टी भी घोषित कर दी।

PTA अध्यक्ष जोशी कैथावलप्पिल ने बताया, “छात्रा ने इस साल जून में स्कूल में दाखिला लिया था और 6 अक्टूबर तक स्कूल ड्रेस (लड़कियों के लिए पैंट और शर्ट) का पालन किया। प्रवेश के समय ही यूनिफॉर्म के नियम स्पष्ट रूप से बताए गए थे और छात्रा के अभिभावकों ने सहमति जताई थी। 450 छात्रों में से 117 मुस्लिम हैं, लेकिन सिर्फ एक छात्रा इस नियम को चुनौती देना चाहती है। हमें शक है कि इस मांग के पीछे कुछ कट्टरपंथी तत्वों की भूमिका हो सकती है। जिन्होंने स्कूल में विरोध प्रदर्शन किया, वे स्थानीय नहीं थे।”

स्कूल की प्रिंसिपल हेलेना एल्बी ने बताया कि छात्रा और उसके माता-पिता को पहले ही यूनिफॉर्म नियमों के बारे में समझा दिया गया था। उन्होंने कहा, “स्कूल 1998 से चल रहा है और पहली बार ऐसी स्थिति बनी है। पिछले शुक्रवार को माता-पिता और कुछ लोगों ने स्कूल में हंगामा किया। शिक्षकों और छात्रों में तनाव का माहौल है, इसलिए हमने दो दिन का अवकाश घोषित किया।”

वहीं, छात्रा के पिता ने मीडिया से कहा कि उन्होंने स्कूल से तीन-चार बार हिजाब पहनने की अनुमति मांगी थी। उन्होंने सवाल उठाया, “अगर मेरी बेटी हिजाब पहनती है, तो इससे एकरूपता (यूनिफॉर्मिटी) में कैसे बाधा आती है?”

केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने कहा कि इस मामले की जांच के लिए शैक्षणिक अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, “सभी छात्रों को स्कूल की यूनिफॉर्म का पालन करना चाहिए। किसी तरह का तनावपूर्ण माहौल नहीं बनना चाहिए।”

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।