टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल: भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर जीता तीसरा खिताब

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से करारी शिकस्त दी। भारत की ओर से संजू सैमसन (89), अभिषेक शर्मा (52) और ईशान किशन (54) की बेहतरीन पारियों की बदौलत टीम ने 5 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर..

टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल: भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर जीता तीसरा खिताब
09-03-2026 - 09:23 AM

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से करारी शिकस्त दी। भारत की ओर से संजू सैमसन (89), अभिषेक शर्मा (52) और ईशान किशन (54) की बेहतरीन पारियों की बदौलत टीम ने 5 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।

इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। यह मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। यह वही मैदान था, जहां कुछ समय पहले भारत को वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा था।

फाइनल मैच में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत करते हुए महज सात ओवर से कुछ ज्यादा समय में 98 रन की ओपनिंग साझेदारी की और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर जबरदस्त दबाव बना दिया।

हालांकि जेम्स नीशम ने तीन तेज विकेट लेकर कुछ समय के लिए रनगति पर लगाम लगाई लेकिन शिवम दुबे ने अंत में आक्रामक बल्लेबाजी कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और फिन एलेन तथा ग्लेन फिलिप्स सस्ते में आउट हो गए। जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल की शानदार गेंदबाजी ने भारत की आसान जीत पक्की कर दी।

जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट और अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिये। इस जीत के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप खिताब को बरकरार रखने वाली पहली टीम बन गई। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम घरेलू जमीन पर वर्ल्ड कप जीतने वाली भी एकमात्र टीम बन गई।

इससे पहले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में संजू सैमसन ने 89 रन की दमदार पारी खेली, जबकि ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक लगाए। अंत में शिवम दुबे ने ताबड़तोड़ कैमियो खेलकर भारत को 5 विकेट पर 255 रन तक पहुंचाया, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। न्यूजीलैंड की ओर से जिमी नीशम सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट लिये।

न्यूजीलैंड का प्रदर्शन फीका रहा

न्यूजीलैंड इस बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत से ही दबाव में दिखा। टिम सिफर्ट ने कुछ अच्छे शॉट जरूर लगाए, लेकिन टीम के लिए बड़ी पारी नहीं खेल सके। गेंदबाजी में न्यूजीलैंड ने अतिरिक्त तेज गेंदबाज के साथ उतरने का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने तेज गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। दिलचस्प बात यह रही कि ग्लेन फिलिप्स ने सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी की, जबकि भारत की ऑफ स्पिन के खिलाफ कमजोरी के बावजूद दूसरे ऑफ स्पिनर कोल मैककॉन्ची को टीम में शामिल नहीं किया गया।

टूर्नामेंट का समापन

पुरुष टी20 विश्व कप के 10वें संस्करण का समापन हो गया। इस टूर्नामेंट में 20 टीमों ने हिस्सा लिया और क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अब इस टूर्नामेंट का अगला संस्करण 2028 में खेला जाएगा, जिसकी मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से करेंगे। इससे पहले इस साल महिला टी20 विश्व कप और अगले वर्ष पुरुष वनडे विश्व कप आयोजित किया जाएगा।

भारत का ऐतिहासिक पल

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने ट्रॉफी सौंपी। पूरी भारतीय टीम पोडियम पर अपने कप्तान का इंतजार कर रही थी। जैसे ही सूर्यकुमार यादव ने ट्रॉफी उठाई, स्टेडियम में आतिशबाजी शुरू हो गई और जश्न का माहौल बन गया। भारतीय खिलाड़ी देर रात तक इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाते रहे।

कप्तान सूर्यकुमार यादव का बयान

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि इस जीत का अहसास पूरी तरह होने में थोड़ा समय लगेगा। उन्होंने कहा कि 2024 के बाद से यह लंबा सफर रहा है। उन्होंने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और जय शाह का उन पर भरोसा जताने के लिए धन्यवाद दिया। सूर्यकुमार ने कहा कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आकर यह उपलब्धि हासिल करना बेहद खास है। उन्होंने बताया कि टीम ने पिछले दो वर्षों में लगातार अच्छा क्रिकेट खेला और 2024 विश्व कप जीत के बाद बनी अच्छी आदतों को बनाए रखने की कोशिश की।

न्यूजीलैंड कप्तान मिशेल सैंटनर की प्रतिक्रिया

न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर ने कहा कि फाइनल तक पहुंचने पर उन्हें अपनी टीम पर गर्व है। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के दौरान कई चुनौतियां आईं, लेकिन टीम ने हर चरण में अच्छी लड़ाई लड़ी। उन्होंने स्वीकार किया कि फाइनल में भारत ने बेहतर खेल दिखाया। सैंटनर ने कहा कि घरेलू मैदान पर वर्ल्ड कप खेलना हमेशा दबाव भरा होता है और सूर्यकुमार यादव व उनकी टीम को इस उपलब्धि पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सुपर-8 में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल जीतने में भी अलग-अलग खिलाड़ियों ने योगदान दिया लेकिन फाइनल में टीम पिछड़ गई।

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने कहा कि यह पल उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कहा कि वह बेहद खुश और आभारी हैं और उनके पास शब्द नहीं हैं। सैमसन ने बताया कि यह यात्रा एक-दो साल पहले शुरू हुई थी। 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा होने के बावजूद उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था लेकिन उन्होंने लगातार खुद को उस मंच पर खेलने की कल्पना की।

उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड सीरीज के बाद वह टूट गए थे और उन्हें लगा था कि उनके सपने खत्म हो गए हैं लेकिन उन्होंने विश्वास रखा कि भगवान की कुछ और योजना है। सैमसन ने कहा कि कई पूर्व खिलाड़ियों ने उनकी मदद की और पिछले कुछ महीनों से वह सचिन तेंदुलकर के लगातार संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि सचिन जैसे महान खिलाड़ी से मार्गदर्शन मिलना उनके लिए बहुत बड़ी बात है।

प्लेयर ऑफ द फाइनल

फाइनल में शानदार गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने चार ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट लिये, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। बुमराह ने कहा कि यह जीत उनके लिए बेहद खास है  क्योंकि इसी मैदान पर वह पहले एक फाइनल हार चुके थे और अब यहां जीतना बहुत खुशी देता है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।