राजस्थान: पोखरण से ISI एजेंट गिरफ्तार, भारतीय सेना की गोपनीय जानकारी पाकिस्तान को भेजने का आरोप
राजस्थान इंटेलिजेंस ने शुक्रवार को जैसलमेर जिले के पोखरण से एक इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) एजेंट को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील और रणनीतिक जानकारियां पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलरों को..
राजस्थान इंटेलिजेंस ने शुक्रवार को जैसलमेर जिले के पोखरण से एक इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) एजेंट को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील और रणनीतिक जानकारियां पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलरों को भेज रहा था।
जासूसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी
राजस्थान पुलिस (इंटेलिजेंस) के अतिरिक्त महानिदेशक प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि राज्य में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों द्वारा की जा रही जासूसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी निगरानी के दौरान यह जानकारी सामने आई कि पोखरण निवासी 28 वर्षीय झबराराम संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त था।
जांच में पाया गया कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लगातार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के संपर्क में था और संदिग्ध संचार कर रहा था।
हनीट्रैप और पैसों के बदले सैन्य रहस्य
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, झबराराम ISI के हैंडलरों को भारतीय सेना से जुड़ी रणनीतिक महत्व की जानकारियां उपलब्ध करा रहा था। इसके बदले उसे हनीट्रैप के जरिए फंसाया गया और पैसों का लालच दिया गया।
इसके अलावा, आरोपी ने अपने ही नाम से जारी सिम कार्ड पर प्राप्त ओटीपी के जरिए व्हाट्सऐप डाउनलोड कर ISI एजेंटों के साथ संपर्क बनाए रखा और देश विरोधी गतिविधियों में उनकी मदद की।
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से गहन पूछताछ कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितनी संवेदनशील जानकारी साझा की है और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
What's Your Reaction?