ताज होटल के मैनेजर ने महिला की बैठने की मुद्रा पर आपत्ति जताई; सोशल मीडिया पर भड़का विवाद
मुंबई के मशहूर ताज होटल में एक महिला के साथ हुए व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर भारी विवाद खड़ा हो गया है। महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि होटल के मैनेजर ने उसे कुर्सी पर पैर मोड़कर बैठने से मना किया और कहा कि “यह जगह बहुत अमीर लोगों की है, यहाँ ठीक से..
मुंबई। मुंबई के मशहूर ताज होटल में एक महिला के साथ हुए व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर भारी विवाद खड़ा हो गया है। महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि होटल के मैनेजर ने उसे कुर्सी पर पैर मोड़कर बैठने से मना किया और कहा कि “यह जगह बहुत अमीर लोगों की है, यहाँ ठीक से बैठिए।”
एक आम इंसान, जो मेहनत करके, अपना पैसा कमा कर, अपनी इज़्ज़त के साथ ताज होटल में आता है — उसे आज भी इस देश में ज़लील और अपमानित होना पड़ता है।
और मेरी गलती क्या है? सिर्फ़ ये कि मैं बैठ गई एक “regular padmasana style” में?
क्या ये मेरी गलती है कि ताज मुझे सिखा रहा है कि कैसे बैठना… pic.twitter.com/vKBYjg8ltb — Shradha Sharma (@SharmaShradha) October 21, 2025
महिला की यह पोस्ट वायरल हो गई है और अब यह घटना शिष्टाचार, वर्गभेद और फाइन डाइनिंग स्थानों में भेदभाव को लेकर बड़ी बहस में बदल गई है।
“मैनेजर ने कहा — यह अमीरों की जगह है, ठीक से बैठिए”
महिला ने अपने 1 मिनट 27 सेकंड के वीडियो में बताया कि वह अपनी बहन के साथ दीवाली डिनर के लिए ताज होटल गई थीं। उनके मुताबिक, होटल के मैनेजर ने उनसे कहा कि एक मेहमान को उनकी बैठने की मुद्रा से परेशानी है।
महिला ने बताया, “मैनेजर ने मुझसे कहा कि यह एक ‘फाइन डाइनिंग’ जगह है जहाँ बहुत अमीर लोग आते हैं इसलिए आपको ठीक से बैठना चाहिए और अपने जूते पहने रहने चाहिए। मैं उस समय कोल्हापुरी चप्पल पहने थी।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं अपनी मेहनत की कमाई से यहाँ आई हूँ। मैंने किसी को परेशान नहीं किया था। सिर्फ इसलिए मुझे टोकना कि किसी को मेरी बैठने की मुद्रा पसंद नहीं आई — यह गलत है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी जगह है जो अमीरी, संस्कृति और ‘क्लास’ को दर्शाती है। लेकिन मैं भी मेहनत करती हूँ, इसलिए यहाँ आई हूँ और भुगतान कर रही हूँ। तो फिर समस्या क्या है?”
महिला ने बताया कि वह सलवार-कुर्ता पहने थीं और सभ्य ढंग से बैठी थीं। उन्होंने कहा, “मुझे ‘ताज होटल’ के मैनेजर ने सवाल किया, जबकि मैं हमेशा इस होटल का सम्मान करती आई हूँ। रतन टाटा मेरे काम में निवेशक रह चुके हैं फिर भी मुझे इस तरह से अपमानित किया गया। मैं ताज से इस व्यवहार के लिए बेहद निराश हूँ।”
सोशल मीडिया पर बंटी रायें
महिला का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है। कुछ उपयोगकर्ताओं ने महिला का समर्थन करते हुए कहा कि यह घटना “एलीट मानसिकता और औपनिवेशिक सोच” का उदाहरण है, जबकि कुछ ने होटल का पक्ष लेते हुए कहा कि फाइन डाइनिंग स्थानों के अपने शिष्टाचार और नियम होते हैं, जिनका पालन किया जाना चाहिए।
एक यूज़र ने लिखा, “होटल यहाँ बिल्कुल सही है। फाइन डाइनिंग की अपनी मर्यादा और ड्रेस कोड होता है। अगर कोई अपने आराम के हिसाब से खाना चाहता है, तो उसे ऐसी जगह जाना चाहिए जो उसके स्टाइल से मेल खाती हो।”
दूसरे यूज़र ने कहा, “किसी को भी इस तरह का अनुभव नहीं होना चाहिए। @Tajmahalhotel यह सिर्फ गलती नहीं बल्कि एक बड़ी विफलता है। उम्मीद है कि आप जिम्मेदारी लेंगे और ऐसा दोबारा नहीं होने देंगे।”
ताज होटल की चुप्पी
अब तक ताज होटल प्रबंधन की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालाँकि महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और वर्गभेद, सामाजिक व्यवहार और लग्ज़री होटलों में ग्राहकों के साथ बर्ताव पर व्यापक चर्चा जारी है।
What's Your Reaction?