तेज प्रताप की पत्नी ऐश्वर्या राय ने लालू यादव की कार्रवाई को चुनावी ड्रामा बताया
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से निष्कासित नेता तेज प्रताप यादव की अलग रह रही पत्नी ऐश्वर्या राय ने उनके ससुर लालू प्रसाद यादव द्वारा तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से छह वर्षों के लिए निकाले जाने की कार्रवाई को केवल दिखावा बताया है..
पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से निष्कासित नेता तेज प्रताप यादव की अलग रह रही पत्नी ऐश्वर्या राय ने उनके ससुर लालू प्रसाद यादव द्वारा तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से छह वर्षों के लिए निकाले जाने की कार्रवाई को केवल दिखावा बताया है। उन्होंने कहा कि यह जनता को गुमराह करने के लिए रचा गया एक चुनावी नाटक है। ऐश्वर्या का कहना है कि ये सब लोग आपस में मिले हुए हैं और यह सब बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चेहरा बचाने की कवायद है।
रविवार को राजद संरक्षक लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को "गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार" और पारिवारिक मूल्यों व सार्वजनिक शिष्टाचार से भटकने के चलते पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। यह निर्णय तेज प्रताप द्वारा यह खुलासा किए जाने के बाद आया कि वे पिछले 12 वर्षों से अनुष्का यादव नामक युवती के साथ रिश्ते में हैं।
लालू यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा था कि निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अनदेखी पार्टी के सामाजिक न्याय के सामूहिक संघर्ष को कमजोर करती है। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप का आचरण पारिवारिक परंपराओं और मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
सोमवार को मीडिया से बात करते हुए ऐश्वर्या राय ने कहा, “कोई उनसे पूछे कि इन्होंने मेरी ज़िंदगी क्यों बर्बाद की? जब मुझे मारा-पीटा जा रहा था तब इनका सामाजिक न्याय कहाँ था? कोई पूछे कि अब मेरा भविष्य क्या होगा?”
ऐश्वर्या राय ने पूछा, 'मेरी ज़िंदगी क्यों बर्बाद की?'
ऐश्वर्या, जो कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती हैं, ने तेज प्रताप से 2018 में शादी की थी। उन्होंने सवाल उठाया, “जब उन्हें पहले से ही इस रिश्ते के बारे में सब कुछ पता था, तो फिर मेरी शादी उनसे क्यों कराई? मेरी ज़िंदगी क्यों बर्बाद की?” उन्होंने कहा कि यादव परिवार के सभी सदस्य इस साजिश में शामिल हैं। “मुझे सारी जानकारी मीडिया के ज़रिए मिलती है — यहां तक कि तलाक की खबर भी मैंने मीडिया से ही जानी। जब मुझे मारा-पीटा गया, तब इनका सामाजिक न्याय कहाँ चला गया था?”
ऐश्वर्या ने अपनी सास और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने ही इस पूरे ड्रामे की पटकथा तैयार की है और चुनाव के चलते फिलहाल सबको चुप रहने को कहा गया है।
उन्होंने कहा, “राबड़ी देवी जरूर कल गई होंगी और सबको कहा होगा कि अभी चुप रहो… चूंकि चुनाव का समय है, इसलिए यह सब दिखावा किया जा रहा है।”
What's Your Reaction?