पहलगाम में आतंकी हमलाः हिंदू नाम पूछ-पूछ कर पर्यटकों पर बरसायी गयीं गोलियां..28 लोगों की मौत की आशंका, कई अन्य घायल

एक दुस्साहसी हमले में लश्कर-समर्थित आतंकियों ने मंगलवार को पहलगाम में पर्यटकों पर गोलीबारी कर दी, जिसमें 28 लोगों की मौत की जानकारी सामने आ रही है और कई अन्य घायल हो गए..

पहलगाम में आतंकी हमलाः हिंदू नाम पूछ-पूछ कर पर्यटकों पर बरसायी गयीं गोलियां..28 लोगों की मौत की आशंका, कई अन्य घायल
22-04-2025 - 10:44 PM

नयी दिल्ली। एक दुस्साहसी हमले में लश्कर-समर्थित आतंकियों ने मंगलवार को पहलगाम में पर्यटकों पर गोलीबारी कर दी, जिसमें 28 लोगों की मौत की जानकारी सामने आ रही है और कई अन्य घायल हो गए।

जम्मू-कश्मीर में हाल के वर्षों का यह सबसे बड़ा आतंकी हमला बताया जा रहा है। लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकियों ने मंगलवार को पहलगाम में पर्यटकों के एक समूह पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई, जिनमें विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं, और कई अन्य घायल हुए हैं। इस हमले की जिम्मेदारी "द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF)" ने ली है, जो लश्कर का ही एक संगठन है, ऐसा खुफिया एजेंसियों ने बताया है।

आतंकियों ने दोपहर के बाद यह दुस्साहसी हमला किया, जिसमें महिलाओं और बुजुर्गों को भी निशाना बनाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने सुरक्षा बलों को बताया कि दो से तीन व्यक्ति सेना की वर्दी में आए और उन्होंने बैतरण घाटी (Baisaran Meadows) में घुड़सवारी कर रहे पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

घटना के बाद सुरक्षाबलों को तुरंत इलाके में रवाना किया गया और हमलावरों की तलाश में विशाल आतंक-रोधी अभियान चलाया गया। हमले के बाद के वीडियो में जमीन पर लहूलुहान और अचेत पड़े लोग दिखाई दे रहे हैं, वहीं महिलाएं अपने परिजनों को खोजते हुए चीख-पुकार कर रही थीं। एक मृतक की परिजन ने बताया कि आतंकी हिंदू नाम पूछ-पूछ कर गोलियां बरसा रहे थे।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे क्रूरता की चरम सीमा” बताया। उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या का अभी सटीक आकलन किया जा रहा है, लेकिन यह हमला हाल के वर्षों में आम नागरिकों पर हुए हमलों में सबसे भयावह है। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने एकजुट होकर इस जघन्य आतंकी हमले की निंदा की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो इस समय सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर हैं, उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर जम्मू-कश्मीर की स्थिति की समीक्षा की। यह हमला उस समय हुआ जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वांस भारत के चार दिवसीय दौरे पर थे। उन्होंने भी हमले में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है। इस नृशंस कृत्य के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा… उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।"

जम्मू में मोमबत्ती मार्च: J&K यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन

जम्मू-कश्मीर यूथ कांग्रेस ने जम्मू में मोमबत्ती मार्च निकाला, जिसका आयोजन महासचिव अनिरुद्ध साहनी ने किया। इस मार्च में पूर्व विधायक योगेश साहनी और IYC के प्रभारी सचिव मान सिंह सहित कई राजनीतिक नेता शामिल हुए। उन्होंने इस हमले को लेकर केंद्र सरकार की सुरक्षा चूक पर कड़ी आलोचना की।

PM मोदी संभवतः निर्धारित समय से पहले लौट सकते हैं भारत

सरकारी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहलागाम आतंकी हमले के मद्देनजर सऊदी अरब यात्रा से निर्धारित समय से पहले भारत लौट सकते हैं

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।