मां का फोन आते ही प्रेस कॉन्फ्रेंस रोक बैठे नितीश कुमार रेड्डी, अफगानिस्तान पर भारत की जीत के बाद दिखा भावुक पल
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में शनिवार, 13 जून को धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को सात विकेट से करारी शिकस्त..
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में शनिवार, 13 जून को धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को सात विकेट से करारी शिकस्त दी।
195 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 66 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और दो छक्के शामिल रहे। मैच के बाद एक बेहद भावुक और दिल छू लेने वाला पल देखने को मिला। भारत के युवा ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे, तभी उनकी मां का फोन आ गया। नितीश ने बिना झिझक कुछ क्षणों के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस रोक दी और अपनी मां का फोन रिसीव किया।
The post-match presser can wait but a call from Mom simply cannot
#TeamIndia | #INDvAFG | @IDFCFIRSTBank | @NKReddy07 pic.twitter.com/23OUBNZvYH — BCCI (@BCCI) June 13, 2026
उनका यह सहज और पारिवारिक अंदाज सभी को पसंद आया। नितीश के प्रेस कॉन्फ्रेंस रोककर मां से बात करने का वीडियो बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर साझा किया, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। अगर मैच में नितीश कुमार रेड्डी के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने अफगानिस्तान के दो महत्वपूर्ण बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज और मोहम्मद नबी को आउट किया, जिसकी बदौलत पूरी अफगान टीम 194 रन पर सिमट गई। गुरबाज ने 51 गेंदों में आठ चौकों और आठ छक्कों की मदद से 107 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, लेकिन नितीश ने उनका विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। इसके बाद अफगानिस्तान का कोई भी बल्लेबाज प्रभाव नहीं छोड़ सका। लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद शुभमन गिल ने पारी को संभाला।
उन्होंने नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए ईशान किशन (22 गेंदों पर 34 रन) के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की। ईशान सहज नजर आ रहे थे, लेकिन राशिद खान की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। भारत के उपकप्तान श्रेयस अय्यर से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह जियाउर रहमान की गेंद पर केवल 12 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि केएल राहुल ने 19 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 39 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
66 गेंदों पर नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेलने वाले कप्तान शुभमन गिल को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। अब दोनों टीमें 17 जून को लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में दूसरे वनडे मुकाबले में आमने-सामने होंगी।
What's Your Reaction?