46 वर्ष के लोकप्रिय टीवी एक्टर सिद्धांत वीर सूर्यवंशी का दिल का दौरा पड़ने से हुआ निधन
<p><em><strong>टीवी जगत से एक बार फिर चौकाने वाली दुखद खबर सामने आई है। जाने-माने अभिनेता सिद्धांत वीर सूर्यवंशी का मात्र 46 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि एक्टर कथित तौर पर एक जिम में कसरत करते समय गिर गए। उनके परिवार में पत्नी सुपरमॉडल एलेसिया राउत और उनके दो बच्चे हैं। सिद्धांत ने कुसुम, वारिस और सूर्यपुत्र कर्ण जैसे शो में काम किया है।</strong></em></p>
सिद्धांत ने अपने करियर की शुरुआत मॉडल के रूप में की थी उसके बाद उन्होंने कुसुम के साथ टीवी में एंट्री की। उन्हें कसौटी ज़िंदगी की, कृष्णा अर्जुन, क्या दिल में है जैसे शो में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में देखा गया था।
गौरतलब है कि सिद्धांत अपनी फिटनेस को लेकर काफी सख्त थे। वे अपने डाइट से लेकर वर्कआउट तक पर खास ध्यान देते थे। उनके जाने से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। इस बात को जानने के बाद फैंस को यकीन नहीं हो रहा है। उनके मित्र व टीवी एक्टर जय भानुशाली ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर इस बात को कन्फर्म किया है। एक्टर ने फोटो शेयर कर लिखा, भाई तुम इतनी जल्दी चले गए। यकीन नहीं हो रहा है।
सिद्धांत वीर सूर्यवंशी टीवी का जाना माना चेहरा था। एक्टर कई टीवी सीरियल में नजर आ चुके थे। अपने करियर की शुरुआत कुसुम शो से की थी पर कसौटी जिंदगी की से उन्हें अच्छी पहचान मिली थी। एक्टर को आखिरी बार टीवी शो कट्टी- बट्टी और जिद्दी दिल में देखा गया था।
हालाकि एक्टर सिद्धांत वीर सूर्यवंशी काफी समय से टीवी इंडस्ट्री से दूर थे लेकिन वे काफी लोकप्रिय थे इसलिए उनकी मौत से हर कोई हैरान रह गया है। लोग लगातार सोशल मीडिया पर ट्वीट करके सिद्धांत वीर सूर्यवंशी के परिवार के साथ अपनी संवेदनाएं शेयर कर रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। फिलहाल उनके शव को कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया है और ओशिवारा पुलिस थाने में सूचित कर दिया गया है।
सिद्धांत अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में रहे थे। एक्टर ने साल 2015 में इरा नाम की लड़की से शादी की थी। सिद्धांत की शादी एक साल के अंदर ही टूट गई थी। इसके बाद एक्टर ने मॉडल एलेसिया से दूसरी शादी की थी। एक्टर को पहली शादी से एक बेटी थी और दूसरी शादी से एक बेटा था।
पिछले कुछ समय में टीवी इंडस्ट्री से यह तीसरी दुखद खबर रही जब अचानक किसी एक्टर की हैवी वर्कआउट करते हुए मौत हुई। इससे पहले स्टैंडअप कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को जिम में दिल का दौरा पड़ा था,वहीं दीपेश भान क्रिकेट खेलते वक्त अचानक गिर पड़े थे और उन्होंने दम तोड़ दिया था। इस सूची में अब सिद्धांत वीर सूर्यवंशी का नाम भी शामिल हो गया है। सिद्धांत वीर सूर्यवंशी की मौत के बाद एक बार फिर से इंटरनेट पर जिम और हैवी वर्कआउट को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोग अपनी-अपनी राय रख रहे हैं।
What's Your Reaction?